रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश इकाई की प्रथम दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक आगामी 16 एवं 17 नवंबर को राजधानी रायपुर स्थित जैमन मानस भवन में आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेशभर से 500 से अधिक महिला पदाधिकारी एवं नेत्रियां शामिल होंगी।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि कार्यसमिति बैठक में मार्गदर्शन देने के लिए महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी दोनों दिन उपस्थित रहेंगी।
बैठक के प्रथम दिन 16 नवंबर को कार्यसमिति की विधिवत शुरुआत होगी। अध्यक्षीय उद्बोधन एवं राजनीतिक सत्र के अंतर्गत प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी प्रदेश महिला मोर्चा का कार्यवृत्त प्रस्तुत करेंगी। इसके पश्चात प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा 'वर्तमान राजनीतिक परिवेश में महिला मोर्चा की भूमिका' विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के संबंध में मार्गदर्शन देंगे। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी संगठनात्मक विषयों पर प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला प्रमुखों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगी। इसके साथ ही मीडिया एवं सोशल मीडिया संयोजकों द्वारा महिला पदाधिकारियों को आधुनिक कार्यशैली, मीडिया प्रबंधन एवं प्रभावी संवाद के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रथम दिवस रात्रि भोज के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा।
बैठक के दूसरे दिन 17 नवंबर को पांच महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, वरिष्ठ नेत्री डॉ. सरोज पांडेय, महिला मोर्चा प्रभारी सुभाष तिवारी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।
दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक के समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर संगठनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने प्रदेशभर की सभी अपेक्षित महिला मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने की अपील की है।
