मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भिलाई को दी 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात, सड़क निर्माण सहित कई बड़ी घोषणाएं

 

तीन वर्षों में भिलाई नगर निगम के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी, ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3 हजार निवेशकों को 3.16 करोड़ रुपये लौटाए गए


भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को इस्पात नगरी भिलाई के खुर्सीपार में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह के दौरान 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र में सड़क निर्माण, ऑडिटोरियम एवं इंडोर स्टेडियम निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों के रिटेंशन आवास के किराए में हुई वृद्धि के मुद्दे पर भी चर्चा की। सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श तथा अधिकारियों से चर्चा के बाद मासिक किराए में वृद्धि को कम कर 6 रुपये किए जाने का निर्णय लिया गया, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 1600 आवास बनाए जा रहे हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों में पिछले तीन वर्षों के दौरान 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। योजना के तहत अब तक 33 किस्तों में 21 हजार 350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने रामलला दर्शन योजना सहित अन्य योजनाओं का भी उल्लेख किया।


मुख्यमंत्री ने भिलाई से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं और विभिन्न परिस्थितियों के दौरान हमेशा लोगों के साथ संवाद एवं सहयोग का संबंध रहा है।


सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों की घोषणा


मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों की घोषणा की। कुरुद-जुनवानी-कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती एवं सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की गई। वहीं जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग एवं कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये की घोषणा की गई।


इसके अलावा भिलाई नगर में ऑडिटोरियम एवं इंडोर स्टेडियम निर्माण की भी घोषणा की गई, जिससे क्षेत्र में सांस्कृतिक, खेल एवं अन्य गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।


उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विकास कार्यों को बताया महत्वपूर्ण


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में नगरीय सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार बनने के बाद पिछले तीन वर्षों में गांवों और शहरों में विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अब विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।


उन्होंने नक्सलवाद की चुनौती से प्रदेश को मुक्त करने की दिशा में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में निवेश, उद्योग और राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों की स्थापना से छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बनाएगा, जिसमें भिलाई की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। नगरीय निकायों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधाजनक बनाने के प्रयासों के चलते राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान प्राप्त हो रहे हैं।


3 हजार निवेशकों को लौटाई गई 3.16 करोड़ रुपये की राशि


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजस्व विभाग के अंतर्गत यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के निवेशकों को उनकी जमा राशि लौटाने की प्रक्रिया के तहत बटन दबाकर 3 हजार निवेशकों को कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये की राशि हस्तांतरित की।


इसके साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 के तहत 8 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पीएम स्वनिधि योजना के तहत 6 स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवसाय के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 5 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र तथा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।


मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत 2 हितग्राहियों को एक-एक लाख रुपये के चेक दिए गए तथा 7 श्रमिकों को श्रमिक पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत 9 महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण राशि के चेक प्रदान किए गए। मत्स्य विभाग के अंतर्गत हितग्राहियों को आइस बॉक्स, नाव एवं जाल वितरित किए गए तथा पट्टाधृति योजना के तहत 10 हितग्राहियों को पट्टा प्रदान किया गया।


कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित


इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, पूर्व मंत्री रमशीला साहू, महापौर नीरजपाल, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी


संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post