मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धनोरा में 132.69 करोड़ रुपये के 49 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

 


रायपुर/कोण्डागांव, 23 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा प्रवास के दौरान क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत से तैयार एवं प्रस्तावित 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही दूरस्थ वनांचल के किसानों की पारंपरिक कृषि उपज को बेहतर बाजार और नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ भी किया।


मुख्यमंत्री का धनोरा प्रवास स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, किसानों की आर्थिक उन्नति, महिला सशक्तीकरण और स्थानीय सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं और सुविधाओं को प्रदेश के अंतिम छोर में बसे गांवों तक पहुंचाना है। वनांचल क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, किसानों की मेहनत को उचित मूल्य दिलाना तथा ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नए अवसर प्रदान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक कृषि पद्धतियों और ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करके ही समृद्ध एवं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है।


56 गांवों के 56 हजार ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा


ग्राम धनोरा में 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण क्षेत्र के स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से धनोरा सहित आसपास के 56 गांवों के लगभग 56 हजार ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।


नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाओं के लिए दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों तथा आपातकालीन स्थिति में उपचार की आवश्यकता वाले मरीजों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधा मिलने से बड़ी राहत मिलेगी।


अब तक क्षेत्र के कई ग्रामीणों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय अथवा अन्य बड़े स्वास्थ्य केंद्रों तक जाना पड़ता था, जिससे समय, आर्थिक खर्च और आवागमन की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नए भवन के लोकार्पण से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।


‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ से पारंपरिक धान को मिलेगी बाजार में नई पहचान


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों की मेहनत को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा स्थानीय कृषि उत्पादों को ब्रांड पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ किया। इस पहल के माध्यम से ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के लगभग 730 किसानों द्वारा पारंपरिक पद्धति से उत्पादित धान को संगठित बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।


इन गांवों के किसान लंबे समय से प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कृषि पद्धतियों के आधार पर धान की खेती करते आ रहे हैं। स्थानीय धान की गुणवत्ता और विशेषताओं के बावजूद किसानों को बाजार तक सीमित पहुंच के कारण अपेक्षित मूल्य प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।


अब जिला प्रशासन की पहल पर किसानों की उपज का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड के नाम से बाजार में उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। इससे स्थानीय उत्पाद को अलग पहचान मिलेगी, किसानों के लिए बेहतर मूल्य प्राप्त करने की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा बिचौलियों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।


यह पहल स्थानीय कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।


बिहान की दीदियां संभालेंगी धान प्रसंस्करण से लेकर विपणन तक की जिम्मेदारी


‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ परियोजना में ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी को भी विशेष महत्व दिया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी को धान के संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता प्रबंधन, पैकेजिंग और विपणन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


स्वसहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं इस पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इससे ग्रामीण महिलाओं को कृषि आधारित उद्यमिता, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के नए अवसर मिलेंगे। स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के साथ महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।


किसानों की उपज को बाजार तक पहुंचाने और महिलाओं को उत्पादन से लेकर विपणन तक की जिम्मेदारी से जोड़ने वाली यह पहल स्थानीय स्तर पर सामूहिक उद्यम और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।


पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर मुख्यमंत्री ने की प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना


धनोरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के श्रद्धापूर्वक दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने आदिवासी समाज की पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं और रीति-रिवाजों के अनुरूप पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।


पेन खण्डा मुदिया बस्तर अंचल के आदिवासी समाज की गहरी आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। कोनगुड़ परगना के अंतर्गत आने वाले 84 गांवों के ग्रामीण उन्हें अपना प्रमुख आराध्य मानते हैं। स्थानीय पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार पेन खण्डा मुदिया को ‘18 जिलों के राजा’ के रूप में भी श्रद्धा एवं सम्मान दिया जाता है।


पेन खण्डा मुदिया के प्रति आदिवासी समाज की आस्था पीढ़ियों से चली आ रही है। यह परंपरा समाज को अपने पुरखों, सांस्कृतिक मूल्यों और धार्मिक मान्यताओं से जोड़ने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करती है। मरई परिवार पेन खण्डा मुदिया के पारंपरिक सेवक हैं तथा क्षेत्र की बारा बानी बिरादरी के सदस्य सेवा-अर्जी में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ शामिल होते हैं।


मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज की धार्मिक आस्थाओं एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति, परंपराएं और लोक आस्था छत्तीसगढ़ की अनमोल धरोहर हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।


पारंपरिक रीति-रिवाजों से मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के ग्राम धनोरा पहुंचने पर आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आत्मीय स्वागत किया। समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के सिर पर पारंपरिक साफा बांधकर सम्मान व्यक्त किया। इस दौरान आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, आत्मीयता और अतिथि सत्कार की सुंदर झलक देखने को मिली।


कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, बस्तर आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


ग्राम धनोरा में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, किसानों की उपज को बाजार से जोड़ने, ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक अवसर प्रदान करने और आदिवासी सांस्कृतिक विरासत के सम्मान की दिशा में विभिन्न पहल सामने आईं। 132.69 करोड़ रुपये के 49 विकास कार्यों की सौगात के साथ मुख्यमंत्री का यह प्रवास क्षेत्र के विकास और ग्रामीण जीवन में







सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post