रायपुर, 11 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से मध्य भारत के एक बड़े मेडिकल हब के रूप में विकसित हो रहा है। राज्य सरकार आधुनिक चिकित्सा तकनीक, सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी जरूरतमंद के उपचार में बाधा न बने।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को राजधानी रायपुर में ओमेगा मेडिसिन अस्पताल की अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की नई पहल एवं कैंसर उपचार केंद्र के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और ओमेगा ग्रुप की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाएगा।
प्रदेश में ही उपलब्ध होंगी उच्चस्तरीय कैंसर उपचार सुविधाएं
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझने वाले मरीजों के साथ उनका पूरा परिवार कठिन परिस्थितियों से गुजरता है। उपचार के लिए दूसरे राज्यों में जाने से आर्थिक बोझ बढ़ता है और परिवार को कई व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। राज्य सरकार का प्रयास है कि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए प्रदेशवासियों की दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम हो और उन्हें अपने परिवार के बीच रहकर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि ओमेगा अस्पताल का प्रस्तावित ऑन्कोलॉजी सेंटर इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक चिकित्सा तकनीक की उपलब्धता से छत्तीसगढ़ के साथ आसपास के राज्यों के मरीजों को भी बेहतर कैंसर उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
गांव से वनांचलों तक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। स्वास्थ्य सेवाओं को बड़े शहरों तक सीमित रखने के बजाय गांव, गरीब और सुदूर जनजातीय अंचलों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों तक स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। जिला अस्पतालों में आईसीयू, डायलिसिस यूनिट, आधुनिक पैथोलॉजी और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि मरीजों को सामान्य जांच और उपचार के लिए अनावश्यक रूप से बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े।
गंभीर बीमारियों में जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गंभीर बीमारी कई बार परिवारों के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा कर देती है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को निर्धारित प्रावधानों के तहत उपचार की सुविधा मिल रही है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के जरिए गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि पैसे के अभाव में किसी गरीब का इलाज नहीं रुके और किसी परिवार को उपचार के लिए अपनी जमीन, घर या गहने बेचने जैसी कठिन परिस्थिति का सामना न करना पड़े।
अबूझमाड़ सहित दूरस्थ वनांचलों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार केवल रायपुर और बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। अबूझमाड़ सहित प्रदेश के दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वनांचलों में स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की जांच और उपचार किया जा रहा है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ चिकित्सकों, दवाइयों और आवश्यक जांच सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाई जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि बस्तर के सुदूर गांव से लेकर राजधानी रायपुर तक प्रत्येक नागरिक को जरूरत के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो।
नवा रायपुर में 200 एकड़ में विकसित होगी आधुनिक मेडिसिटी और फार्मा पार्क
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख स्वास्थ्य एवं चिकित्सा निवेश केंद्रों में शामिल करने के लिए नवा रायपुर में लगभग 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी और फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना आने वाले वर्षों में प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मेडिसिटी और फार्मा पार्क से सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाओं, फार्मास्युटिकल उद्योग, चिकित्सा अनुसंधान और आधुनिक स्वास्थ्य तकनीकों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ सहित प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि रायपुर और नवा रायपुर में सुपर स्पेशलिटी एवं मल्टीस्पेशलिटी स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होने से प्रदेश में मेडिकल टूरिज्म की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ प्रदेशवासियों के साथ आसपास के राज्यों के लोगों के लिए भी आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का प्रमुख केंद्र बने।
निजी निवेश से मजबूत होगा स्वास्थ्य तंत्र, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओमेगा ग्रुप द्वारा रायपुर में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार छत्तीसगढ़ में चिकित्सा क्षेत्र में निवेश की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाता है। राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी निवेश और सार्वजनिक-निजी भागीदारी को प्रोत्साहित कर रही है।
सरकार और निजी क्षेत्र के समन्वित प्रयासों से आधुनिक अस्पतालों एवं सुपर स्पेशलिटी केंद्रों का विस्तार होगा। इससे मरीजों को बेहतर उपचार मिलने के साथ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों और अन्य युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध प्रदेश की मजबूत नींव हैं। सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, आधुनिक और जनोन्मुखी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश का कोई भी नागरिक गंभीर बीमारी के उपचार के दौरान खुद को असहाय महसूस न करे, इसके लिए सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने भी रखे विचार
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्वास्थ्य अधोसंरचना और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है, जिसका लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र की भागीदारी से स्वास्थ्य तंत्र को और मजबूती मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार गांव से लेकर शहर तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कैंसर उपचार केंद्र की पहल के लिए अस्पताल प्रबंधन और पूरी टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, मेडिसिन हॉस्पिटल के डायरेक्टर सुशील शर्मा, ओमेगा ग्रुप के सीईओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
