बिलासपुर, छत्तीसगढ़। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर के निर्देशानुसार एवं उप संचालक के मार्गदर्शन में खनिज अमले ने 12 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त कुल 10 वाहनों को जब्त किया गया, जिनमें 7 हाइवा और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं।
विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण
खनिज विभाग की टीम ने रतनपुर, कोटा, खोलिपारा, तुरकाडीह, सेंदरी, कोनी, कच्छार, लमेर, निरतु, सकरी, लालखदान, मस्तूरी एवं लावर सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम खोलिपारा में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए 2 ट्रैक्टर तथा ग्राम लमेर में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए 1 ट्रैक्टर पकड़ा गया।
वहीं, लालखदान क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 2 हाइवा, ग्राम सैदा के पास चूना पत्थर डस्ट का अवैध परिवहन करते हुए 1 हाइवा तथा लावर क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 3 हाइवा और रेत का परिवहन करते हुए 1 हाइवा वाहन पकड़ा गया।
पुलिस थानों एवं जांच चौकी की अभिरक्षा में वाहन
खनिज नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए सभी 10 वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना कोनी, पुलिस थाना कोटा एवं खनिज जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखा गया है।
अवैध खनन पर लगातार निगरानी
खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए पुलिस विभाग, राजस्व विभाग एवं खनिज विभाग द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। विभागीय अमले द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
खनिज विभाग की इस कार्रवाई से जिले में अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध प्रशासन की सतर्कता और सख्ती सामने आई है।



