रायपुर, 20 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने तीसरे मुकाबले का आनंद लिया और दोनों टीमों की खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यह आयोजन प्रदेश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने की प्रेरणा देगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देख युवा प्रतिभाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि इस श्रृंखला के दौरान महिलाओं और बालिकाओं के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं और बेटियां अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त कर सकें। महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियां देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने से यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में पहले भी न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों तथा आईपीएल मैचों का आयोजन किया जा चुका है। भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला के आयोजन से छत्तीसगढ़ की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में पहचान और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बड़े खेल आयोजन प्रदेश में पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देते हैं। इससे आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने के साथ रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होते हैं। राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त प्रमुख स्पोर्ट्स एवं इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह श्रृंखला खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और दोनों देशों के बीच मैत्री का यादगार उदाहरण बनेगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ एवं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पदाधिकारी, खेल जगत के प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।
