किसानों की समृद्धि और आय बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : विष्णुदेव साय 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, किसानों की सुविधा के लिए खुलेंगे 360 नए खरीदी केंद्र

  

रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि किसानों की समृद्धि और उनकी आय में वृद्धि करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन का आधार कृषि है। सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, खेती की लागत कम करने और सिंचाई सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।



मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित सर्किट हाउस में श्रद्धेय मनहरण लाल पाण्डेय की जयंती के अवसर पर आयोजित ‘उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान समारोह’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया और कृषि क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लगभग 80 प्रतिशत आबादी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि कार्यों से जुड़ी हुई है। ऐसे में किसानों की खुशहाली ही गांवों और प्रदेश की समृद्धि का आधार है। सरकार खेती को लाभकारी बनाने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।


360 नए धान खरीदी केंद्रों से किसानों को मिलेगी राहत


मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया है। इससे किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और खरीदी केंद्रों पर भीड़ का दबाव कम होगा।


उन्होंने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र किसान को सुविधाजनक तरीके से धान बेचने का अवसर मिले।


प्रगतिशील किसानों का सम्मान, कृषि नवाचार को मिलेगा बढ़ावा


समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करते हुए कहा कि किसान पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक और नए कृषि नवाचारों को अपनाकर उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। ऐसे किसानों का सम्मान अन्य किसानों को भी उन्नत कृषि पद्धतियां अपनाने और उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा।


उन्होंने श्रद्धेय मनहरण लाल पाण्डेय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन जनसेवा को समर्पित रहा। खेती-किसानी और ग्रामीण जीवन से उनका गहरा जुड़ाव था। उन्होंने विशेष रूप से सिंचाई सुविधाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उनकी स्मृति में किसानों और समाजसेवियों को सम्मानित करने की पहल सराहनीय है।


किसान क्रेडिट कार्ड से किसानों को मिली आर्थिक राहत


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में किसान क्रेडिट कार्ड की शुरुआत किसानों को खेती के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम था। इससे किसानों को साहूकारों और महंगे कर्ज पर निर्भरता कम करने में मदद मिली।


उन्होंने कहा कि पहले किसानों को सहकारी बैंकों से 18 प्रतिशत तक ब्याज पर ऋण लेना पड़ता था, जबकि आज किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण की सुविधा मिल रही है। इससे किसानों पर ब्याज का बोझ कम हुआ है और खेती के लिए पूंजी जुटाना आसान हुआ है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसान कल्याण, कृषि अनुसंधान, आधुनिक तकनीक, जैविक खेती और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है। इन प्रयासों का उद्देश्य कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ खेती की लागत कम करना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।


सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार पर सरकार का विशेष जोर


मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है। इसी दिशा में राज्य सरकार पिछले दो वर्षों में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की नई सिंचाई परियोजनाएं शुरू कर चुकी है।


उन्होंने बताया कि प्रदेश की 1,500 पुरानी सिंचाई परियोजनाओं के जीर्णोद्धार के लिए लगभग 2,800 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर सिंचित रकबे में लगभग 76 हजार हेक्टेयर की वृद्धि होने की जानकारी दी गई। इससे किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी और कृषि उत्पादकता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।


मुख्यमंत्री ने बताया कि इंद्रावती नदी पर मटनार और देऊरगांव परियोजनाओं सहित कई नई सिंचाई परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य सिंचाई सुविधाओं को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाना और खेती की वर्षा पर निर्भरता कम करना है।


वन मंत्री केदार कश्यप ने भी किया संबोधित


समारोह को संबोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने श्रद्धेय मनहरण लाल पाण्डेय के सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पाण्डेय ने अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित किया और समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य किया।


केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय किसान परिवार से आते हैं और किसानों की जरूरतों तथा समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। उनके नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है।


कार्यक्रम में कर्मवीर सिंह, अखिलेश सोनी, नवीन मार्कण्डेय, राम गर्ग, आलोक चंद्र ठाकुर, हर्षिता पाण्डेय, अनुराग पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, श्रद्धेय मनहरण लाल पाण्डेय स्मृति संस्थान के सदस्य और प्रदेशभर से आए किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post