रायपुर। राज्य गठन के 26 वर्ष और छत्तीसगढ़ी को राजभाषा का दर्जा मिले 16 वर्ष बीतने के बाद भी छत्तीसगढ़ी भाषा को लेकर विभिन्न संगठनों का आंदोलन जारी है। निवेदन-प्रतिवेदन और ज्ञापन से लेकर धरना-प्रदर्शन, सत्याग्रह और अनशन तक के माध्यम से छत्तीसगढ़ी भाषा को शिक्षा और सरकारी कामकाज में व्यापक रूप से लागू करने की मांग उठाई जा रही है।
गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को राजधानी रायपुर के आजाद चौक में एक बार फिर छत्तीसगढ़ी भाषा के समर्थन में सत्याग्रह और अनशन आयोजित किया गया। राज्य निर्माण आंदोलन से जुड़े रहे आजाद चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में एमए छत्तीसगढ़ी छात्र संगठन और मोर चिन्हारी छत्तीसगढ़ी के आह्वान पर सर्व समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान 15 युवा एक दिवसीय अनशन पर बैठे।
मोर चिन्हारी छत्तीसगढ़ी के संरक्षक और महतारीभाषा जागरण अभियान से जुड़े नंदकिसोर शुक्ल 85 वर्ष की उम्र में बिलासपुर से रायपुर पहुंचे और सत्याग्रह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार कानून 2009 और नई शिक्षा नीति-2020 के बाद भी मातृभाषा में शिक्षा को लेकर अपेक्षित व्यवस्था नहीं हो सकी है। उन्होंने मांग की कि कक्षा 1वीं से 12वीं तक छत्तीसगढ़ी भाषा में पढ़ाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
एमए छत्तीसगढ़ी छात्र संगठन के नेता एवं कार्यक्रम संयोजक जितेन्द्र साहू ने कहा कि अपनी मातृभाषा में शिक्षा और रोजगार के अवसरों की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन की प्रमुख मांगों में कक्षा 1वीं से 12वीं तक अनिवार्य रूप से छत्तीसगढ़ी में पढ़ाई, एमए छत्तीसगढ़ी डिग्रीधारियों को रोजगार, सरकारी कामकाज में छत्तीसगढ़ी भाषा का उपयोग, तहसील स्तर पर छत्तीसगढ़ी राजभाषा अधिकारियों की नियुक्ति, अस्पतालों में छत्तीसगढ़ी काउंसलरों की भर्ती तथा स्कूल-कॉलेजों में छत्तीसगढ़ी शिक्षकों की नियुक्ति शामिल है।
कार्यक्रम को ठा. रामगुलाम, दिलीप मिरी, अजय यादव, लता राठौर, जोशी बहनों, डॉ. सुधीर शर्मा, विजय मिश्रा, उदयभान सिंह, अनिल दुबे, रामेश्वर शर्मा सहित कई नेताओं, कलाकारों और शिक्षाविदों ने संबोधित किया

