रायपुर, 11 सितम्बर 2026। केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को लगभग 122 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। दोनों नेताओं ने कुल 121 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक की लागत वाले 38 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
इनमें करीब 79.25 करोड़ रुपए की लागत वाले 23 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 42.46 करोड़ रुपए की लागत वाले 15 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से सक्ती जिले में सड़क संपर्क के विस्तार के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशासनिक सुविधाओं और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।
22 किलोमीटर लंबी सड़क सहित कई बड़ी परियोजनाओं का भूमिपूजन
भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में करीब 25.82 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा, चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा लगभग 15.30 करोड़ रुपए की लागत से छुहीपाली से कटेकोनी बड़े-कर्राखई-ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण का कार्य भी शुरू किया जाएगा।
अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया तक सड़क, नगझर-नवापारा मार्ग तथा गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग सहित कई अन्य सड़क परियोजनाओं का भी भूमिपूजन किया गया।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा विस्तार
शिक्षा एवं युवाओं के लिए शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा के अतिरिक्त भवन तथा नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन का भूमिपूजन किया गया।
वहीं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न ग्रामों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों तथा महिलाओं के लिए महतारी सदनों के निर्माण कार्यों की आधारशिला भी रखी गई।
42 करोड़ से अधिक के विकास कार्य जनता को समर्पित
लोकार्पित प्रमुख कार्यों में करीब 14.35 करोड़ रुपए की लागत से मालखरौदा क्षेत्र में कलमी नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट, सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक सड़क निर्माण तथा करीब 11.35 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई, बेनीपाली होते हुए ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण शामिल है।
इसके साथ ही बुंदेली-अड़भार मार्ग का भी लोकार्पण किया गया।
पुलिस और प्रशासनिक अधोसंरचना को भी मिली मजबूती
कार्यक्रम में जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित सोलर ड्यूल पंप, चन्द्रपुर एवं हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चन्द्रपुर एवं जैजैपुर के नवीन पुलिस थाना भवन, अड़भार पुलिस चौकी भवन, सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन तथा गोबरा में महतारी सदन सहित अन्य विकास कार्य जनता को समर्पित किए गए।
इन विकास कार्यों से जिले में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरि
क उपस्थित रहे।
