रायपुर, 24 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लक्ष्य को हासिल करने में रियल एस्टेट सेक्टर की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और शहरीकरण के साथ प्रदेश में आधुनिक शहरों, गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ आवास और मजबूत अधोसंरचना की आवश्यकता भी बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को नवा रायपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित क्रेडाई छत्तीसगढ़ स्टेटकॉन-2026 ‘बिल्डिंग विकसित छत्तीसगढ़’ कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रियल एस्टेट सेक्टर के विकास के लिए पारदर्शी व्यवस्था, सरल प्रक्रियाओं और निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
2047 तक 75 लाख करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए विजन डॉक्यूमेंट ‘छत्तीसगढ़ अंजोर’ तैयार किया है। राज्य ने वर्ष 2047 तक अपनी अर्थव्यवस्था को 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा, बिजली और जल संसाधनों के साथ-साथ मेहनतकश मानव संसाधन की बड़ी ताकत है। प्रदेश की देश के प्रमुख क्षेत्रों से कनेक्टिविटी भी लगातार मजबूत हो रही है।
हर परिवार के पक्के घर का सपना हो रहा साकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से देश के करोड़ों परिवारों के पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन लगभग 1600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण हो रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के लिए 3.65 लाख अतिरिक्त आवासों को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों के परिवारों के लिए भी आवास बनाए जा रहे हैं। वहीं आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए तैयार नीति के तहत 15 हजार आवासों के निर्माण को भी स्वीकृति मिली है।
स्टेट कैपिटल रीजन बनेगा विकास का नया ग्रोथ इंजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के सुनियोजित एवं दीर्घकालीन विकास के लिए स्टेट कैपिटल रीजन विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत रायपुर के साथ दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव क्षेत्र को जोड़ते हुए भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास की योजना तैयार की जा रही है।
स्टेट कैपिटल रीजन से आवास, उद्योग, व्यापार, परिवहन और सेवा क्षेत्रों में नई संभावनाएं विकसित होंगी। यह प्रदेश की अर्थव्यवस्था के प्रमुख ग्रोथ इंजन के रूप में उभर सकता है।
नक्सलवाद की समाप्ति के साथ बस्तर में विकास के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद लंबे समय तक छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर के विकास में बाधा रहा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों तथा सुरक्षा बलों की कार्रवाई से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है और बस्तर में विकास के नए द्वार खुल रहे हैं।
‘नियद नेल्लानार’ योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों में सड़क, बिजली, पेयजल सहित मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है, जबकि लगभग 40 हजार लोगों का उपचार किया गया है।
पर्यटन और होमस्टे से रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन की संभावनाओं के लिए नई पहचान बना रहा है। बस्तर के धुड़मारास गांव को संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन की दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांवों की सूची में शामिल किया गया है।
राज्य सरकार बस्तर सहित पूरे प्रदेश में होमस्टे पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। इसके लिए ऋण और सब्सिडी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। नई औद्योगिक विकास नीति में पर्यटन को भी शामिल किया गया है, जिससे इस क्षेत्र में निवेश और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सुशासन और सुधारों से निवेश के लिए बेहतर माहौल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने 400 से अधिक सुधार किए हैं। विभिन्न शासकीय प्रक्रियाओं को ऑनलाइन किया गया है और ई-फाइल प्रणाली लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण और पारदर्शिता से लीकेज रोकने में मदद मिली है। सरकार का प्रयास है कि नागरिकों और निवेशकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और अधिक से अधिक सेवाएं सरल एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हों।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक विकास नीति को निवेशकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। प्रदेश को अब तक लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सेमीकंडक्टर, टेक्सटाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में परियोजनाओं पर काम शुरू हो गया है।
रजिस्ट्री प्रक्रियाओं को बनाया जा रहा सरल
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का फोकस गवर्नेंस और रिफॉर्म पर है। उद्योग, व्यापार और रियल एस्टेट सेक्टर के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार निर्णय लिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री की प्रक्रियाओं को सरल और नागरिक अनुकूल बनाया जा रहा है। व्हाट्सऐप के माध्यम से दस्तावेज उपलब्ध कराने से लेकर ऑटो म्यूटेशन तक तकनीक आधारित सुधार किए गए हैं। महिला सशक्तीकरण के लिए महिलाओं को पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी गई है।
ओपी चौधरी ने कहा कि स्टेट कैपिटल रीजन छत्तीसगढ़ के भविष्य के विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। सरकार का प्रयास है कि शहरीकरण केवल शहरों के विस्तार तक सीमित न रहे, बल्कि आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी, नागरिक सुविधाओं और नए आर्थिक अवसरों के साथ योजनाबद्ध विकास हो।
कार्यक्रम में क्रेडाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष शेखर पटेल, निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष जी.वाई. रेड्डी, राष्ट्रीय सदस्य आनंद सिंघानिया, क्रेडाई रायपुर के अध्यक्ष पंकज लाहोटी, अभिषेक बछावत, अशोक मूंदड़ा सहित बड़ी संख्या में वास्तुविद, इंजीनियर, उद्यमी, रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि और क्रेडाई के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
