निर्दोष व्यक्तियों को न्याय दिलाने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास लोखंडी गांव के ग्रामीणों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और निर्दोष युवाओं को मामले से बाहर करने की मांग

 बिलासपुर। तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लोखंडी में बीते दिनों हुए आपसी विवाद और मारपीट के बाद एक युवक की मौत के मामले में अब निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। इसी सिलसिले में कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC), नई दिल्ली के राष्ट्रीय समन्वयक तथा सर्वसेन समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष त्रिलोक चंद्र श्रीवास मंगलवार को ग्राम लोखंडी के सरपंच, उपसरपंच, पंच, सैकड़ों ग्रामीणों एवं समाज के पदाधिकारियों के साथ बिलासपुर एसपी कार्यालय पहुंचे।



प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह से मुलाकात कर पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष घटना से जुड़े विभिन्न तथ्यों को रखते हुए आरोप लगाया कि मामले की कार्रवाई के दौरान कुछ ऐसे युवाओं को भी आरोपी बनाया गया है, जिनकी घटना में प्रत्यक्ष संलिप्तता नहीं थी।

7 सितंबर की घटना में युवक की हुई थी मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर को तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लोखंडी एवं उसलापुर के युवाओं के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। इस घटना में शेख इस्माइल नामक युवक घायल हुआ था, जिसकी बाद में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

घटना के बाद पुलिस द्वारा मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। इसी कार्रवाई को लेकर ग्राम लोखंडी के ग्रामीणों एवं परिजनों की ओर से अब निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।

प्रद्युम्न श्रीवास को आरोपी बनाए जाने पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष विशेष रूप से प्रद्युम्न श्रीवास सहित कुछ अन्य युवाओं को मामले में आरोपी बनाए जाने पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि प्रद्युम्न श्रीवास घटना के दौरान विवाद या मारपीट में शामिल नहीं थे।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, प्रद्युम्न श्रीवास घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के लिए सरपंच बलराम पटेल के कहने पर 112 वाहन के माध्यम से सिम्स अस्पताल तक ले जाने गए थे। ग्रामीणों का कहना है कि घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करने वाले व्यक्ति को ही बाद में आरोपी बना दिया गया, जो जांच का विषय है।

ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों, प्रत्यक्षदर्शियों, कॉल डिटेल, वीडियो फुटेज तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, ताकि वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो और किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो।

“दोषियों को सजा मिले, लेकिन निर्दोष न फंसें” — त्रिलोक श्रीवास

इस अवसर पर कांग्रेस नेता त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की मृत्यु होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद घटना है। जो लोग वास्तव में घटना में शामिल हैं, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी दोषी व्यक्ति के पक्ष में नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि दोषियों को सजा मिलना चाहिए, लेकिन निर्दोष व्यक्तियों को किसी भी कीमत पर आरोपी नहीं बनाया जाना चाहिए। पुलिस की जांच निष्पक्ष और तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए, ताकि वास्तविक दोषियों की पहचान हो सके और निर्दोष युवाओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

त्रिलोक श्रीवास ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि प्रद्युम्न श्रीवास अथवा अन्य संबंधित युवा वास्तव में घटना में शामिल होते, तो वे घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए सामने क्यों आते? उनका कहना था कि पूरे मामले की परिस्थितियों और घटनाक्रम की बारीकी से जांच की आवश्यकता है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले में जल्दबाजी के बजाय सभी साक्ष्यों और प्रत्यक्ष तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाए तथा जिन लोगों की घटना में कोई भूमिका नहीं है, उन्हें राहत दी जाए।

एसपी ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा

प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आश्वासन दिया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को जानबूझकर मामले में नहीं फंसाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी तथा सभी पक्षों को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

एसपी श्री सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को पूरे प्रकरण की जांच करने के निर्देश भी दिए। पुलिस प्रशासन की ओर से प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया गया कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग

एसपी कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों एवं समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी आरोपी को बचाना नहीं, बल्कि मामले में निष्पक्षता सुनिश्चित कराना है। ग्रामीणों ने मांग की कि घटना में वास्तविक रूप से शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई हो तथा जिन युवाओं की घटना में संलिप्तता नहीं है, उन्हें अनावश्यक रूप से आरोपी बनाकर परेशान न किया जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से मामले की जल्द और निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की अपील की।

इस दौरान त्रिलोक चंद्र श्रीवास, ग्राम लोखंडी के सरपंच बलराम पटेल, उपसरपंच बसंत गढ़वाल, सेन समाज के सुरेंद्र श्रीवास, चंद्रमणि श्रीवास, मनोज श्रीवास, राजकुमार श्रीवास, शुभम श्रीवास, निखिल श्रीवास, लोकेश श्रीवास, नरेंद्र श्रीवास, आशीष श्रीवास, मनोहर श्रीवास, सुदर्शन श्रीवास, रामसनेही पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंच, सामाजिक पदाधिकारी एवं युवा उपस्थित रहे।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की उम्मीद है और वे चाहते हैं कि इस पूरे मामले में सच्चाई सामने आए तथा दोषी को सजा और निर्दोष को न्याय मिले।

Post a Comment

Previous Post Next Post