भोजली महोत्सव समिति तोरवा ने मनाया 21वां भव्य भोजली महोत्सव, लोक संस्कृति के रंग में रंगा तोरवा

 बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला, संस्कृति और पारंपरिक लोकाचार को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से भोजली महोत्सव समिति तोरवा द्वारा लगातार 21वें वर्ष भव्य भोजली महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, बच्चों और क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भोजली गीत, पारंपरिक सजावट और भोजली विसर्जन की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में रंग दिया।











कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटा विधायक एवं वरिष्ठ नेता अटल श्रीवास्तव रहे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की वास्तविक पहचान उसकी समृद्ध लोक कला, लोकगीत, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से है। भोजली जैसे पारंपरिक आयोजन हमारी संस्कृति को जीवंत रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने भोजली महोत्सव समिति तोरवा द्वारा 21 वर्षों से किए जा रहे आयोजन की सराहना की।

कार्यक्रम में लोक कलाकार फूल भंवरा, चंदन यादव और बाल मुकुंद पटेल ने अपनी लोक प्रस्तुतियों से समां बांधा और छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की शानदार झलक प्रस्तुत की।

भोजली पर्व किसान और मित्रता के स्वरूप का प्रतीक

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शंकर यादव ने भोजली पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का लोक तिहार भोजली पर्व केवल एक धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि किसानों की समृद्धि, प्रकृति के प्रति आस्था और आपसी प्रेम एवं मित्रता का प्रतीक है। भोजली हमारी ग्रामीण जीवनशैली और छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति से गहराई से जुड़ा हुआ पर्व है।

भोजली घाट निर्माण की उठी मांग

कार्यक्रम में प्रसिद्ध समाजसेवी एवं उद्योगपति प्रवीण झा ने तोरवा क्षेत्र में व्यवस्थित भोजली घाट निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भोजली सहित अन्य पारंपरिक पर्वों के आयोजन और विसर्जन के लिए एक सुव्यवस्थित घाट होना आवश्यक है। उन्होंने इस विषय को सरकार के समक्ष रखने और आवश्यक पहल करने की बात कही।

समाजसेविका किरण सिंह ने भोजली महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और अपनी लोक संस्कृति के प्रति गर्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने के लिए इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता प्रमोद नायक, वार्ड पार्षद मोती गंगवानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

भोजली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा

महोत्सव के दौरान आयोजित भोजली प्रतियोगिता में महिलाओं और समूहों ने पारंपरिक तरीके से भोजली की आकर्षक सजावट एवं प्रस्तुति की। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. अलका यादव, चित्रा और यशोदा सिंह उइके शामिल रहीं। निर्णायक मंडल ने भोजली की सजावट, पारंपरिक स्वरूप, प्रस्तुति और रचनात्मकता के आधार पर विजेताओं का चयन किया।

भोजली प्रतियोगिता के विजेता

प्रथम पुरस्कार: सुमन पटेल, तोरवा

द्वितीय पुरस्कार: पूर्णिमा पटेल, तोरवा

तृतीय पुरस्कार: राधिका ग्रुप, देवरी खुर्द

चतुर्थ पुरस्कार: माया विश्वकर्मा

वहीं सांत्वना पुरस्कार से संतोषी भोई, देवरी खुर्द; रामप्यारी पटेल, तोरवा; स्वाति, तोरवा; महादेव ग्रुप, तोरवा तथा उमा रजक ग्रुप, तोरवा को सम्मानित किया गया।

शानदार मंच संचालन ने बांधे रखा दर्शकों को

कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी मंच संचालन महेंद्र सिंह ध्रुव ने किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ी लोक परंपराओं, भोजली पर्व के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व तथा अतिथियों के स्वागत को रोचक एवं गरिमापूर्ण अंदाज में प्रस्तुत करते हुए पूरे कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा।

महोत्सव के सफल आयोजन में गंगेश्वर सिंग, सुनील भोई, नंदकिशोर यादव, ब्रजभूषण सरवन, देव यादव, रामजी यादव, घनश्याम राजल, सुरेश दास, सहदेव केवट, दीपक यादव, छहुरा यादव, बसंत पटेल, नारायण श्रीवास, रामचरण रजक, कन्हैया पटेल, मनीष यादव, प्रवीण तरुण, गोपाल यादव, रामबाई सैनिक, यशोदा उइके, संतोषी भोई, सुखमत केवट और रामप्यारी पटेल सहित समिति के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अंत में भोजली महोत्सव समिति तोरवा, बिलासपुर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, प्रतियोगियों, कलाकारों, समिति के सदस्यों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के लिए भोजली महोत्सव का आयोजन भविष्य में भी निरंतर किया जाएगा तथा आने वाले वर्षों में इसे और भव्य एवं व्यापक स्वरूप प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।

21 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा भोजली महोत्सव अब तोरवा की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।

Post a Comment

Previous Post Next Post