छत्तीसगढ़ में होगी देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग छह टीमें लेंगी हिस्सा, प्रदेश के खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

 रायपुर, 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन किया जाएगा। राजधानी रायपुर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में प्रस्तावित यह प्रतियोगिता देश के किसी भी राज्य में आयोजित होने वाली पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग होगी। हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर इसे प्रोफेशनल और व्यावसायिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। लीग के मुकाबले संभावित रूप से 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक खेले जाएंगे।



राजधानी रायपुर के नवीन विश्राम भवन में उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने लीग के उद्देश्य और आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी।

अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की समृद्ध परंपरा रही है और प्रदेश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग इन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बड़ा मंच उपलब्ध कराएगी। साथ ही प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने, उनसे सीखने और राष्ट्रीय स्तर के प्रतिस्पर्धी माहौल का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इस लीग के माध्यम से राज्य में हॉकी की नई प्रतिभाओं को तलाशने, उन्हें तराशने और भविष्य के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी। प्रोफेशनल स्तर की प्रतियोगिता से खिलाड़ियों के खेल कौशल के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में भी वृद्धि होगी।

छह टीमें दिखाएंगी दम

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें मैदान में उतरेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।

इन टीमों के जरिए प्रदेश की अलग-अलग क्षेत्रीय पहचान, संस्कृति और खेल प्रतिभा को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया है। लीग के मुकाबलों में खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का सामना करने का अवसर मिलेगा।

छत्तीसगढ़ की पहचान से जुड़ा है लीग का लोगो

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का लोगो प्रदेश के मानचित्र पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग के माध्यम से भारतीयता और छत्तीसगढ़ की पहचान को दर्शाया गया है। लोगो में आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेशवासियों की निरंतर प्रगति, ऊर्जा और आगे बढ़ने की भावना का प्रतीक है।

लीग की टैगलाइन “चलव रे संगी, हॉकी खेलबो” रखी गई है। छत्तीसगढ़ी बोली में तैयार यह टैगलाइन अपनत्व, उत्साह और आमंत्रण का भाव व्यक्त करती है। इसका भावार्थ है—“चलो दोस्त, हॉकी खेलते हैं।”

‘बघवा’ देगा साहस और शक्ति का संदेश

लीग का आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ रखा गया है। बाघ छत्तीसगढ़ के घने जंगलों और समृद्ध वन्यजीव विरासत का प्रतीक है। ‘बघवा’ साहस, शक्ति और निडरता का संदेश देता है। शुभंकर खिलाड़ियों की जुझारू भावना, आत्मविश्वास और मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की आकांक्षा को भी प्रदर्शित करता है।

लीग मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल और फाइनल

प्रतियोगिता के पहले चरण में सभी छह टीमें लीग मुकाबलों में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। मुकाबलों के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद फाइनल में विजेता टीम का फैसला होगा।

प्रतियोगिता में तकनीकी गुणवत्ता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी अंपायर और तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति हॉकी इंडिया द्वारा की जाएगी। इससे खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगिता का अनुभव मिलेगा और मुकाबलों के संचालन में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

हॉकी के साथ मनोरंजन का भी मिलेगा तड़का

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखा जाएगा। टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इससे स्टेडियम में आने वाले दर्शकों को रोमांचक हॉकी मुकाबलों के साथ मनोरंजन का भी अनुभव मिलेगा।

खास बात यह है कि लीग के सभी मुकाबलों में दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इससे बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों, युवाओं और हॉकी प्रशंसकों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है।

प्रदेश में हॉकी संस्कृति को मिलेगा नया विस्तार

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश में हॉकी को जन-जन तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को इस खेल से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है। प्रोफेशनल स्वरूप में होने वाली यह लीग स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ ही राज्य में हॉकी के लिए एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी माहौल तैयार करेगी।

लीग के माध्यम से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनके अनुभव से सीखने का अवसर मिलेगा। इससे भविष्य में प्रदेश से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के बेहतर हॉकी खिलाड़ी तैयार होने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

लॉन्चिंग कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय और छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी सहित विभागीय अधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।