सरजू बांधा मुक्तिधाम स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर में विशेष श्रृंगार एवं महाआरती सावन के पावन अवसर पर उमड़ी आस्था, भक्तों ने किया जलाभिषेक; महाआरती में सुख-शांति की कामना
रायपुर, 24 अगस्त 2026। टिकरापारा स्थित सरजू बांधा मुक्तिधाम के मुख्य द्वार के समीप स्थित प्राचीन सोमेश्वर महादेव मंदिर में सावन मास के पावन अवसर पर धार्मिक श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। मंदिर परिसर में सुबह भगवान सोमेश्वर महादेव का विधिवत जलाभिषेक किया गया, वहीं शाम को भगवान का विशेष श्रृंगार कर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्तों ने शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।
कृष्ण मित्र फाउंडेशन (पंजीयन क्रमांक 5356/1999), पूर्व नाम सरजू बांधा नया तालाब शमशान घाट विकास समिति के अध्यक्ष माधव लाल यादव ने बताया कि सावन मास भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है। इसी धार्मिक भावना के साथ सुबह भक्तों ने मंदिर पहुंचकर भगवान सोमेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शाम को मंदिर में विशेष श्रृंगार किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से महाआरती में हिस्सा लिया।
विशेष श्रृंगार के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। इस धार्मिक आयोजन में मीना यादव, आशा साहू, रेखा झंवर, संगीता यादव, कलावती शुक्ला और उषा सिंह का विशेष सहयोग रहा। वहीं श्रृंगार एवं आयोजन की व्यवस्था में युवाओं खुशी झंवर, रिया यादव, हर्षित झंवर और वरुण कुर्मी सहित अन्य युवाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
महाआरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक भगवान सोमेश्वर महादेव की आराधना करते हुए परिवार एवं समाज की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
अध्यक्ष माधव लाल यादव ने कहा कि धार्मिक आयोजन लोगों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने के साथ-साथ समाज में आपसी सहयोग, सेवा और सद्भाव की भावना को भी मजबूत करते हैं। सावन के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम भक्तों के लिए श्रद्धा और आस्था का विशेष केंद्र बना रहा।
