महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त 25 अगस्त को होगी जारी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय डौण्डीलोहारा में 67.28 लाख बहनों के खातों में अंतरित करेंगे 631 करोड़ से अधिक की राशि

 रायपुर, 24 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 अगस्त को बालोद जिले के डौण्डीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि जारी करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की 67 लाख 28 हजार 918 महिला हितग्राहियों के बैंक खातों में 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि का सीधे अंतरण किया जाएगा।






रक्षाबंधन के अवसर से ठीक पहले मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश की लाखों महिलाओं को यह महत्वपूर्ण सौगात दी जा रही है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना की राशि से महिलाएं अपनी दैनिक जरूरतों के साथ-साथ स्वास्थ्य, चिकित्सा, पोषण और परिवार से जुड़े आवश्यक खर्चों को पूरा करने में सहायता प्राप्त कर रही हैं।

बेटियों के भविष्य और आर्थिक गतिविधियों में भी हो रहा राशि का उपयोग

महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग महिलाएं अपनी बेटियों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में राशि जमा करने सहित विभिन्न आर्थिक गतिविधियों में भी कर रही हैं। इससे महिलाओं में बचत की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी मदद मिल रही है।

30 किस्तों में 19 हजार 444 करोड़ रुपये की सहायता

महतारी वंदन योजना के माध्यम से अब तक 30 किस्तों में लगभग 19 हजार 444 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदेश की महिला हितग्राहियों को प्रदान की जा चुकी है। योजना की आगामी 31वीं किस्त की राशि सितंबर माह में जारी की जानी थी, लेकिन रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा महिलाओं को विशेष सौगात देते हुए सितंबर माह की राशि निर्धारित समय से पहले ही उनके बैंक खातों में अंतरित की जा रही है।

महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। 25 अगस्त को डौण्डीलोहारा में आयोजित समारोह के दौरान होने वाला राशि अंतरण प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए रक्षाबंधन से पहले एक बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है।