शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन कौशल परीक्षा अगस्त में होगी आयोजित रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा एवं बस्तर संभागों में बनाए गए परीक्षा केंद्र
रायपुर, 29 जुलाई 2026।
लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ के अंतर्गत शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन कम्प्यूटर कौशल परीक्षा परिषद द्वारा अगस्त 2026 में विभिन्न तिथियों पर हिन्दी एवं अंग्रेजी मुद्रलेखन तथा कम्प्यूटर मुद्रलेखन कौशल परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा एवं बस्तर संभागों में परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
परीक्षा कार्यक्रम
01 अगस्त 2026 – अंग्रेजी मुद्रलेखन (गति 10,000 की-डिप्रेशन प्रति घंटा), 05 परीक्षा केंद्रों में।
02 अगस्त 2026 – हिन्दी मुद्रलेखन (गति 10,000 की-डिप्रेशन प्रति घंटा), रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा एवं बस्तर के 05 परीक्षा केंद्रों में।
08 अगस्त 2026 – अंग्रेजी कम्प्यूटर मुद्रलेखन (गति 8,000 की-डिप्रेशन प्रति घंटा), 08 परीक्षा केंद्रों में।
09 अगस्त 2026 – हिन्दी कम्प्यूटर मुद्रलेखन (गति 8,000 की-डिप्रेशन प्रति घंटा), 09 परीक्षा केंद्रों में।
16 अगस्त 2026 – हिन्दी कम्प्यूटर मुद्रलेखन परीक्षा, बिलासपुर एवं सरगुजा संभाग में एक-एक परीक्षा केंद्र पर आयोजित की जाएगी।
परीक्षार्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
परिषद द्वारा आवंटित परीक्षा केंद्र पर निर्धारित बैच एवं समय के अनुसार उपस्थित होना सभी परीक्षार्थियों के लिए अनिवार्य होगा। परीक्षा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट https://ctsp.cg.nic.in पर उपलब्ध है।
प्रवेश पत्र डाउनलोड करने संबंधी सूचना पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से भेजी जा चुकी है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड अथवा मतदाता पहचान पत्र में से कोई एक मूल दस्तावेज मान्य होगा।
लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ के उप संचालक ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश पत्र में अंकित सभी दिशा-निर्देशों का गंभीरता एवं अनिवार्य रूप से पालन करें, ताकि परीक्षा का संचालन सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।