गरियाबंद/फिंगेश्वर। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क गणवेश योजना के तहत प्राथमिक शाला सिर्रीखुर्द में विद्यार्थियों को गणवेश वितरित किए गए। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को एक-एक सेट गणवेश प्रदान किया गया।
गणवेश प्राप्त करते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। नई गणवेश पहनने को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। यह योजना न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत प्रदान करती है, बल्कि विद्यार्थियों में समानता, आत्मविश्वास और विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना भी विकसित करती है।
कार्यक्रम में ग्राम के गणमान्य नागरिक, पालकगण, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य एवं विद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा गणवेश का सम्मानपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिवार ने राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निःशुल्क गणवेश योजना विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है। यह योजना बच्चों में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में भी अहम भूमिका निभा रही है।
