5 लाख मीट्रिक टन चावल के शीघ्र उठाव की पहल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय मंत्री से पर्याप्त रेलवे रैक उपलब्ध कराने का किया आग्रह
नई दिल्ली, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ से 5 लाख मीट्रिक टन चावल के शीघ्र उठाव तथा प्रत्येक माह पर्याप्त रेलवे रैक उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्याप्त रेलवे रैक उपलब्ध होने से चावल के परिवहन में तेजी आएगी, गोदामों में नई फसल के भंडारण के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा तथा किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया और अधिक सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए छत्तीसगढ़ को केंद्रीय पूल हेतु 73 लाख टन चावल उपलब्ध कराने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इस लक्ष्य की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्य को प्रत्येक माह कम से कम 250 रेलवे रैक उपलब्ध कराए जाने का अनुरोध किया गया है।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री के अनुरोध पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी उपस्थित रहे।
