राष्ट्रीय मंच पर फिर गूंजेगी तनिष्क वर्मा की मधुर आवाज़, रथ यात्रा सम्मान समारोह 2026 में देंगे भजन प्रस्तुति

 बिलासपुर। प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, और जब जुनून, साधना तथा ईश्वर के प्रति अटूट आस्था साथ हो, तो सफलता स्वयं कदम चूमती है। ऐसा ही एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है बिलासपुर के महज 11 वर्षीय सुप्रसिद्ध बाल भजन गायक तनिष्क वर्मा ने, जिसने अपनी मधुर आवाज़ और भक्ति संगीत से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाई है।










तनिष्क वर्मा को 21 जुलाई 2026 को उड़ीसा में आयोजित होने वाले "राष्ट्रीय स्तर के रथ यात्रा सम्मान समारोह–2026" में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन में वे अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे तथा उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। यह उपलब्धि केवल तनिष्क और उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

इतनी छोटी उम्र में राष्ट्रीय स्तर के मंचों तक पहुंचना किसी असाधारण उपलब्धि से कम नहीं है। तनिष्क ने अपनी मधुर गायकी और भक्ति संगीत के माध्यम से लाखों लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया है। उनके भजनों में भक्ति, संस्कृति और भारतीय परंपरा की झलक स्पष्ट दिखाई देती है, जिसके कारण उन्हें देशभर के प्रतिष्ठित धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में आमंत्रित किया जाता है।

तनिष्क वर्मा इससे पहले भी देश के अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी भजन प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर चुके हैं। उन्होंने महाकुंभ मेला, प्रयागराज, विश्व प्रसिद्ध लिंगराज मंदिर, भुवनेश्वर (उड़ीसा) तथा आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर, बेंगलुरु जैसे राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर अपनी भावपूर्ण भजन प्रस्तुति देकर श्रोताओं की भरपूर सराहना प्राप्त की है। इतनी कम उम्र में ऐसे प्रतिष्ठित मंचों तक पहुंचना उनकी कठिन साधना, समर्पण और प्रतिभा का प्रमाण है।

तनिष्क की प्रतिभा को अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी सराहा है। उन्हें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उड़ीसा के मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। यह सम्मान उनकी प्रतिभा और निरंतर बढ़ते संगीत सफर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है।

राष्ट्रीय रथ यात्रा सम्मान समारोह में सम्मानित होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ के अनेक जनप्रतिनिधियों ने तनिष्क को शुभकामनाएं दी हैं। उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला तथा कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने तनिष्क वर्मा को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करना अत्यंत गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि तनिष्क भविष्य में भी अपनी प्रतिभा से प्रदेश और देश का नाम ऊंचा करेंगे तथा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।

आज जब अधिकांश बच्चे आधुनिक मनोरंजन की ओर आकर्षित होते हैं, ऐसे समय में तनिष्क वर्मा का भारतीय भक्ति संगीत और संस्कृति के प्रति समर्पण समाज के लिए प्रेरणादायक है। उनकी साधना यह संदेश देती है कि यदि बचपन से ही प्रतिभा को सही दिशा, परिवार का सहयोग और निरंतर अभ्यास मिले तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता।

महज 11 वर्ष की आयु में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी आवाज़ का जादू बिखेरना वास्तव में किसी चमत्कार से कम नहीं है। बिलासपुर की इस नन्ही प्रतिभा ने यह सिद्ध कर दिया है कि सपनों की कोई उम्र नहीं होती। तनिष्क वर्मा आज केवल एक बाल भजन गायक नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और नई पीढ़ी की प्रेरणा बन चुके हैं।

पूरा छत्तीसगढ़ 21 जुलाई को होने वाले राष्ट्रीय रथ यात्रा सम्मान समारोह की ओर उत्सुकता से देख रहा है। सभी को विश्वास है कि तनिष्क वर्मा अपनी मधुर भजन प्रस्तुति से एक बार फिर श्रोताओं का मन मोहेंगे और अपने सुरों के माध्यम से प्रदेश का गौरव राष्ट्रीय मंच पर और अधिक ऊंचा करेंगे।