रायपुर के पं. जेएनएम मेडिकल कॉलेज को बड़ी सौगात: एमबीबीएस की 20 नई सीटों को मिली मंजूरी, अब कुल 250 सीटें
रायपुर, 11 जुलाई 2026।
छत्तीसगढ़ के चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (National Medical Commission - NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (जेएनएम) मेडिकल कॉलेज, रायपुर में एमबीबीएस की 20 अतिरिक्त सीटों को मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कॉलेज में एमबीबीएस सीटों की कुल संख्या 230 से बढ़कर 250 हो गई है।
पं. दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंसेज एंड आयुष विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ से संबद्ध इस मेडिकल कॉलेज को 10 जुलाई 2026 को एनएमसी द्वारा जारी Letter of Permission (LoP) के माध्यम से यह स्वीकृति प्रदान की गई।
स्थापना से अब तक सीटों में लगातार बढ़ोतरी
वर्ष 1963 में मात्र 60 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू हुए जेएनएम मेडिकल कॉलेज ने समय के साथ लगातार विकास किया है। प्रवेश क्षमता बढ़ते हुए पहले 100, फिर 2009 में 150, 2019 में 180, 2023 में 230 और अब 2026 में 250 सीटों तक पहुंच गई है। यह वृद्धि प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने जताई खुशी
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एमबीबीएस सीटों में वृद्धि से छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को अपने ही राज्य में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे भविष्य में प्रदेश को अधिक संख्या में योग्य चिकित्सक मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाएं भी और मजबूत होंगी।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और राज्य सरकार के सतत प्रयासों को देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।