गूगल बॉय रुद्र शर्मा करेंगे सिर्रीखुर्द के शाला प्रवेश उत्सव की शोभा बढ़ाएंगे 11 जुलाई को प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला सिर्रीखुर्द में प्रवेश उत्सव, विदाई समारोह एवं प्रतिभा सम्मान का होगा भव्य आयोजन

 सिर्रीखुर्द, गरियाबंद। शिक्षा और संस्कार का अनूठा संगम बनने जा रहे प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला सिर्रीखुर्द के शाला प्रवेश उत्सव में इस वर्ष एक विशेष आकर्षण देशभर में अपनी अद्भुत प्रतिभा से पहचान बना चुके गूगल बॉय रुद्र शर्मा होंगे। रुद्र शर्मा अपनी कर्मभूमि प्राथमिक शाला सिर्रीखुर्द पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।










11 जुलाई 2026 को आयोजित इस गरिमामय समारोह के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि विजय कंडरा होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सिर्रीखुर्द के सरपंच देवेंद्र वर्मा करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा पहली एवं छठवीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक विद्या आरंभ संस्कार संपन्न कराया जाएगा। वहीं विद्यालय के सेवानिवृत्त प्रधान पाठक जगन्नाथ ध्रुव को शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानपूर्वक विदाई दी जाएगी।

इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया जाएगा तथा शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

विद्यालय परिवार ने समस्त जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, ग्रामवासियों एवं शिक्षा प्रेमियों से इस ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी आयोजन में सपरिवार उपस्थित होकर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने की विनम्र अपील की है।