मुरली कुंभकार जी के सानिध्य में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ भव्य योगाभ्यास, स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश

 बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजा दक्ष प्रजापति सेना (प्रजापति समाज) द्वारा हैप्पी स्ट्रीट, अरपा चौपाटी में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाज के वरिष्ठ एवं सम्मानित समाजसेवी मुरली कुंभकार के सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों एवं नागरिकों ने भाग लेकर योग के महत्व को समझा और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।






























सुबह आयोजित इस विशेष योग शिविर में लगभग 100 से अधिक लोगों की उपस्थिति रही। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

इस अवसर पर मुरली कुंभकार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। योग व्यक्ति के तन, मन और आत्मा को संतुलित रखता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा योगाभ्यास अवश्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन सकारात्मक बनता है। योग हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस इस बात का प्रमाण है कि भारत की योग परंपरा विश्वभर में स्वास्थ्य और कल्याण का संदेश दे रही है।

कार्यक्रम में गणेश प्रजापति, सुनील प्रजापति, सरजू प्रजापति, सुरेंद्र प्रजापति, गीता कुम्भकार, निशा प्रजापति, मयंक प्रजापति, गोपाल प्रजापति, राजकुमार प्रजापति, नवीन प्रजापति, देवचरण प्रजापति सहित प्रजापति समाज के अनेक पदाधिकारी, युवा एवं महिलाएं शामिल हुईं। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान समाज के सदस्यों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का भी संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं और लोगों को नशामुक्त, तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करते हैं।

राजा दक्ष प्रजापति सेना द्वारा आयोजित यह योग शिविर सफल एवं प्रेरणादायी रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। आयोजन को लेकर समाजजनों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और सभी ने इसे स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।