सिमगा: जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा प्रबंधक पर अनियमितता के आरोप, जनपद सदस्य ने कलेक्टर से की जांच की मांग
सिमगा/बलौदाबाजार। जनपद पंचायत सदस्य जीत त्रिलोक कुर्रे ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, रायपुर की सिमगा शाखा के शाखा प्रबंधक जेठू राम लहरी के विरुद्ध कलेक्टर बलौदाबाजार-भाटापारा को लिखित शिकायत सौंपकर जांच की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शाखा प्रबंधक द्वारा विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं की जा रही हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार किसानों एवं सहकारी समितियों से जुड़े मामलों में नियमों की अनदेखी की गई है। साथ ही आर्थिक अनियमितताओं और किसानों तथा समिति प्रतिनिधियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के भी आरोप लगाए गए हैं।
जनपद सदस्य ने कलेक्टर से मांग की है कि शाखा प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से पद से हटाकर निष्पक्ष जांच कराई जाए, क्योंकि उनके पद पर बने रहने से जांच प्रभावित होने की आशंका है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि प्रभाव से हटाकर जांच की जाती है, तो विभिन्न समितियों से मामले से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आ सकते हैं।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं। जिला प्रशासन एवं संबंधित बैंक की ओर से अभी तक इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या पुष्टि सामने नहीं आई है। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।

