प्राथमिक शाला सिर्रीखुर्द में न्योता भोज का आयोजन, बच्चों ने प्रेमपूर्वक ग्रहण किया स्वादिष्ट भोजन

 गरियाबंद। शासकीय प्राथमिक शाला सिर्रीखुर्द में एक भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी सामाजिक आयोजन के तहत शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष ममता मतावले एवं उनके परिवार द्वारा अपनी पूज्य माताजी के स्वर्गवास उपरांत उनकी पावन स्मृति में न्योता भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त बच्चों को स्नेह, आत्मीयता और श्रद्धा भाव के साथ स्वादिष्ट भोजन परोसा गया।










इस न्योता भोज में बच्चों के लिए लड्डू, बड़ा, खीर, पुड़ी, पापड़, अचार, सलाद, सब्जी, आलू एवं चना दाल सहित विविध स्वादिष्ट व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी। बच्चों ने बड़े उत्साह, आनंद और प्रसन्नता के साथ भोजन ग्रहण किया तथा आयोजनकर्ता परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिसर में इस आयोजन ने आत्मीयता, सामाजिक समरसता और संस्कारों का सुंदर संदेश दिया।

उल्लेखनीय है कि भीषण ग्रीष्मकालीन अवकाश के पश्चात विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं। ऐसे समय में विद्यालय परिसर में आयोजित न्योता भोज जैसे सामाजिक एवं आत्मीय कार्यक्रम बच्चों को विद्यालय से जोड़ने, उनमें अपनत्व की भावना विकसित करने तथा नियमित उपस्थिति के लिए प्रेरित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस आयोजन ने न केवल बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी, बल्कि विद्यालय परिवार और ग्रामीण समाज के बीच आपसी जुड़ाव को भी सुदृढ़ किया।

विद्यालय परिवार ने ममता मतावले एवं उनके परिवार की इस सराहनीय, मानवीय और प्रेरणादायी पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही विद्यालय परिवार एवं उपस्थित जनों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

न्योता भोज कार्यक्रम में सरपंच देवेंद्र वर्मा, पूर्व सरपंच टिकेश साहू, समाज अध्यक्ष हरिराम साहू, प्रभारी प्रधान पाठक एवं राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक खोमन सिन्हा, शिक्षिका धनेश्वरी सिन्हा, सेवानिवृत्त प्रधान पाठक जगन्नाथ ध्रुव, संकुल प्राचार्य महेंद्र साहू, उपसरपंच नेमूराम साहू, लक्ष्मण वर्मा, पंचगण, ग्रामीण सचिव रामनाथ कुर्रे, कमलेश बघेल, चिंताराम सिन्हा, पंचायत सचिव दयालु साहू, रोहित बारले, द्रोपती साहू, सीता साहू, योगेश्वरी मार्कंडेय, अगेश्वरी साहू, जामाबाई साहू, नीरा वर्मा, पूजा वर्मा, ज्योति शर्मा, कुंती वर्मा, लीलाराम मतावले सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, पालकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।