बिजली बिल बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल: त्रिलोक श्रीवास दर्जनों सहयोगियों के साथ विद्युत मंडल कार्यालय घेराव में हुए शामिल

 बिलासपुर। प्रदेश में लगातार बढ़ती बिजली दरों और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के तहत मंगलवार को तिफरा स्थित विद्युत मंडल कार्यालय का घेराव किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।








इस आंदोलन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक श्री त्रिलोक चंद्र श्रीवास अपने दर्जनों समर्थकों एवं सहयोगियों के साथ शामिल हुए। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लगातार बढ़ रही बिजली दरों ने आम उपभोक्ताओं, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है, ऐसे समय में बिजली दरों में वृद्धि करना पूरी तरह से जनविरोधी निर्णय है।

श्री त्रिलोक श्रीवास ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी आम लोगों की आवाज बनकर सड़कों पर उतरती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाने का कार्य कर रही है। बिजली बिलों में वृद्धि, स्मार्ट मीटर व्यवस्था और आवश्यक सेवाओं की बढ़ती लागत से आम नागरिक परेशान हैं। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनआंदोलन जारी रखेगी।

घेराव कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिजली दर वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि सरकार ने जनता की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।

इस अवसर पर श्री त्रिलोक श्रीवास के साथ प्रमुख रूप से मोहन जायसवाल, मनोज श्रीवास, आयुष सिंह राज, जितेन शर्मा (जीतू), चरण सिंह राज, कौशल श्रीवास्तव, धनंजय कश्यप, हृदयेश कश्यप, सोनू राम साहू, शुभम श्रीवास, कौशल साहू, उत्तम सिंह ठाकुर, पवन सिंह ठाकुर, शत्रुघ्न सिंह ठाकुर, रवी बघेल, चंद्रप्रकाश केशरवानी, दादूराम लास्कर, आनंद श्रीवास, अजय श्रीवास, प्रहलाद साहू, दशरथ सूर्या सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने, उपभोक्ताओं को राहत देने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए पार्टी आगामी दिनों में भी आंदोलनात्मक कार्यक्रम आयोजित करेगी।

प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बिजली बिल बढ़ोतरी का फैसला वापस नहीं लिया तो प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा और जनता के अधिकारों की लड़ाई और अधिक मजबूती से लड़ी जाएगी। बिजली दर वृद्धि के विरोध में आयोजित यह घेराव कार्यक्रम बिलासपुर में कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने सरकार के खिलाफ जनाक्रोश को उजागर किया।