बिलासपुर, 14 जून 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बिलासपुर जिले के बोदरी में आयोजित संत गाडगे जयंती समारोह एवं कन्नौजिया रजक समाज सम्मेलन में शामिल होकर क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने जिले में 41 करोड़ 68 लाख 48 हजार रुपये की लागत के 6 सड़क निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।







मुख्यमंत्री ने 25 करोड़ 95 लाख 68 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हुए 4 सड़क निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें चकरभांठा से दगोरी पहुंच मार्ग, एफसीआई गोदाम परिसर में सड़क निर्माण, हिरी से बिल्हा पहुंच मार्ग तथा दगोरी मुख्य मार्ग से मोहतरा पहुंच मार्ग शामिल हैं। इन परियोजनाओं से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और लोगों को सुगम यातायात का लाभ मिलेगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 15 करोड़ 72 लाख 80 हजार रुपये की लागत वाले 2 सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें दर्री-धुमा-शिल्पहरी मार्ग तथा हथनी-नवागांव-गोढ़ी-उड़गन मार्ग का निर्माण शामिल है। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के हजारों नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी तथा आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी तथा महापौर पूजा विधानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।