कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास ने निगम आयुक्त से की मुलाकात, जनहित की विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

 बिलासपुर। क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के निराकरण और जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक, जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक-3 के मार्गदर्शक त्रिलोक चन्द्र श्रीवास ने अपने सहयोगियों के साथ बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे (आईएएस) से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण जनसमस्याओं के समाधान के लिए विस्तृत ज्ञापन सौंपा।








श्री त्रिलोक श्रीवास ने विशेष रूप से कोनी-बिरकोना-रमतला मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। साथ ही अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों द्वारा लूटपाट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं को भी अंजाम दिया जाता है, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल बना रहता है। उन्होंने कहा कि यदि इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाती है तो दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा क्षेत्रवासियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा उन्होंने अशोक नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग भी रखी। श्रीवास ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है। उन्होंने मांग की कि सड़क निर्माण पूर्ण होने तक जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।

ज्ञापन में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा वार्ड क्रमांक-68 के स्वामी रामकृष्ण परमहंस नगर अंतर्गत बड़ी कोनी क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र के पास पचरी निर्माण एवं रिटेनिंग वॉल बनाने की मांग भी प्रमुखता से शामिल रही। श्रीवास ने बताया कि इस क्षेत्र में बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और बरसात के दौरान स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाती है। ऐसे में पचरी एवं रिटेनिंग वॉल का निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत आवश्यक है।

श्री त्रिलोक श्रीवास ने बताया कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों में लंबे समय से लंबित जनकल्याणकारी कार्यों को लेकर भी निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है और वे लगातार क्षेत्रवासियों की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने ज्ञापन में शामिल मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री पंडित महेश नारायण मिश्रा, किसान नेता पंडित जितेंद्र शर्मा ‘जीतू’, मंगल बाजपेयी, राहुल गोरख, मुकेश अग्रवाल, कन्हैया दुबे, मोहन जायसवाल, रामेश्वर केसरी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

क्षेत्रवासियों ने जनसमस्याओं को लेकर किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई कर आवश्यक विकास कार्यों को गति दी जाएगी, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।