कयाकिंग-कैनोइंग को आगे बढ़ाने हरसंभव सहयोग देगी सरकार - अरुण साव 36वीं नेशनल कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप के समापन समारोह में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री
रायपुर, 14 जून 2026। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव आज नवा रायपुर के सेंध जलाशय में आयोजित 36वीं नेशनल कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
12 जून से प्रारंभ हुई इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 24 राज्यों के 810 खिलाड़ियों के साथ लगभग 400 अधिकारी, खेल संघों के पदाधिकारी एवं सपोर्टिंग स्टाफ शामिल हुए। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि केरल और ओडिशा क्रमशः दूसरे एवं तीसरे स्थान पर रहे। तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब भी समापन समारोह में उपस्थित रहे।
अरुण साव ने खिलाड़ियों एवं विभिन्न राज्यों से आए कयाकिंग-कैनोइंग संघों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी इस खेल में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रदेश के लिए पदक जीत रहे हैं। राज्य में कयाकिंग-कैनोइंग खेल को और आगे बढ़ाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। भारत सरकार वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ देश को विश्व की शीर्ष खेल शक्तियों में शामिल करने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है। ओलंपिक और कॉमनवेल्थ खेलों में भारत की पदक संख्या बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रयास किए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने का सशक्त साधन है। अधिक से अधिक युवाओं को खेल मैदान से जोड़ना समय की आवश्यकता है। खेल के माध्यम से सम्मान, पहचान, सफलता और करियर के नए अवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि "जो खेलेगा, वही खिलेगा।"
गुरु खुशवंत साहेब ने अपने संबोधन में कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद तीन दिनों तक प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ। देशभर से आए खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आज खेल एक बेहतर करियर विकल्प के रूप में उभर रहा है और सरकार खेल सुविधाओं एवं अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
नवा रायपुर के सेंध जलाशय में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के अंतर्गत महिला एवं पुरुष वर्ग में जूनियर और सब-जूनियर स्तर की विभिन्न कयाकिंग एवं कैनोइंग स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
समापन समारोह में छत्तीसगढ़ प्रदेश कयाकिंग-कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया, सचिव प्रशांत रघुवंशी, एशियन कयाकिंग-कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा, उत्तराखंड कयाकिंग-कैनोइंग एसोसिएशन के डॉ. डी.के. सिंह, ओडिशा कयाकिंग-कैनोइंग एसोसिएशन के विपिन दास सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
