पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच की कमान फिर संभालेंगे प्रवीण झा, सर्वसम्मति से बने अध्यक्ष सुधीर झा को पुनः सचिव पद की जिम्मेदारी, 21 जून को होगा नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण
बिलासपुर। सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता एवं लोक परंपराओं के संरक्षण के लिए समर्पित पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच की त्रिवार्षिक आमसभा एवं चुनाव प्रक्रिया रविवार को सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। समाज के सभी सदस्यों की सर्वसम्मति और विश्वास के प्रतीक स्वरूप वरिष्ठ उद्योगपति एवं प्रतिष्ठित समाजसेवी प्रवीण झा को पुनः मंच का अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया गया। वहीं संगठन की गतिविधियों को निरंतर गति देने वाले सुधीर झा को एक बार फिर सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बिलासपुर स्थित छठ घाट परिसर में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में मंच की वार्षिक गतिविधियों, आय-व्यय के लेखाजोखा तथा आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके पश्चात नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें उपस्थित सभी सदस्यों ने एकमत होकर प्रवीण झा के नेतृत्व पर भरोसा जताया और उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुना।
प्रवीण झा केवल एक सफल उद्योगपति ही नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति के प्रति समर्पित एक प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व के रूप में भी जाने जाते हैं। विगत तीन वर्षों से वे रामनवमी के अवसर पर 1008 श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन कराने का पुण्य कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में मंच ने सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उनके पूर्व कार्यकाल में छठ महापर्व का भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन मंच की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा। इसके साथ ही समाज के लोगों को एकजुट करने, सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित करने तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाने में भी मंच ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद प्रवीण झा ने सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे समाज के विश्वास, प्रेम और समर्थन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मंच की गरिमा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक दायित्वों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए वे पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त माध्यम है। आने वाले वर्षों में संगठन की गतिविधियों को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा तथा विशेष रूप से लोकआस्था के महापर्व छठ के आयोजन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रवीण झा ने जानकारी दी कि आगामी 21 जून को नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी अवसर पर संगठन के अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की घोषणा भी की जाएगी।
आमसभा में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रवीण झा के अनुभवी नेतृत्व, सामाजिक समर्पण और सकारात्मक सोच के बल पर पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच आने वाले वर्षों में संगठनात्मक मजबूती, सांस्कृतिक संरक्षण एवं सामाजिक विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उनके पुनः अध्यक्ष चुने जाने को समाज ने नई ऊर्जा, नई उम्मीद और उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत के रूप में देखा है।




