14 जून को योग से बनेगा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, जशपुर भी बनेगा ऐतिहासिक पहल का सहभागी "Yoga for Healthy Ageing" थीम के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियां तेज 14 जून को ऑनलाइन योग सत्र में लाखों लोगों की सहभागिता का लक्ष्य, 21 जून को रणजीता स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय मुख्य आयोजन

 रायपुर, 13 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल है। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा इस वर्ष की थीम "Yoga for Healthy Ageing" (स्वस्थ और सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग) निर्धारित की गई है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ सहित जशपुर जिले में भी व्यापक स्तर पर योग जागरूकता और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।











14 जून को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का राष्ट्रीय प्रयास

आयुष विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 जून 2026 को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक एक विशेष ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकतम लोगों की सहभागिता के साथ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करना है।

देशभर से नागरिकों को इस ऐतिहासिक अभियान से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार और पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। इच्छुक प्रतिभागी टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीयन करा सकते हैं और इस राष्ट्रीय गौरव से जुड़ सकते हैं।

जशपुर भी निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के इस प्रयास में जशपुर जिले की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। जिला प्रशासन और आयुष विभाग द्वारा अधिक से अधिक लोगों को योग सत्र से जोड़ने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि जशपुर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का महत्वपूर्ण सहभागी बन सके।

21 जून को रणजीता स्टेडियम में होगा भव्य योग आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जशपुर स्थित रणजीता स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान सामूहिक योगाभ्यास, योग के महत्व पर जागरूकता गतिविधियां तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाले विभिन्न आयोजन भी किए जाएंगे।

योग संगम पोर्टल पर करें पंजीयन

आयुष मंत्रालय द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से संबंधित कार्यक्रमों के पंजीयन, दस्तावेजीकरण और रिपोर्टिंग के लिए योग संगम पोर्टल-2026 प्रारंभ किया गया है। शासकीय विभाग, शैक्षणिक संस्थान, स्थानीय निकाय, स्वयंसेवी संगठन एवं सामाजिक संस्थाएं अपने-अपने योग कार्यक्रमों का पंजीयन कर आयोजन उपरांत उसका विवरण एवं फोटोग्राफ पोर्टल पर अपलोड कर सकती हैं।

जनभागीदारी से बनेगा नया इतिहास

आयुष विभाग ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में योग कार्यक्रमों में शामिल होकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएं। साथ ही योग को जन-जन तक पहुंचाकर स्वस्थ, निरोग और जागरूक भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। 14 जून का यह अभियान और 21 जून का अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, देश को एक नई ऊर्जा और एकता के सूत्र में बांधने का अवसर बनेगा।