त्रिलोक श्रीवास की चेतावनी: 10 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में होगा उग्र आंदोलन सेंट जेवियर स्कूल दुष्कर्म मामले में फूटा जनाक्रोश, हजारों लोगों ने किया कलेक्ट्रेट का घेराव, दोषी को फांसी और स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग
बिलासपुर। सेंट जेवियर स्कूल सिरगिट्टी में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित रूप से स्कूल के शिक्षक द्वारा लंबे समय तक दुष्कर्म और शोषण किए जाने के मामले ने पूरे जिले में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सर्वसेन समाज छत्तीसगढ़ के प्रांत अध्यक्ष त्रिलोक चंद्र श्रीवास के नेतृत्व में सर्वसेन समाज एवं सर्व समाज के हजारों महिला-पुरुषों ने बिलासपुर कलेक्ट्रेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्कूल के एक शिक्षक द्वारा नाबालिग छात्रा का लगभग एक वर्ष तक लगातार शारीरिक एवं मानसिक शोषण किया गया। इतना ही नहीं, इस गंभीर मामले की जानकारी स्कूल के अन्य शिक्षकों एवं प्रबंधन को होने के बावजूद समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में भारी नाराजगी है और न्याय की मांग को लेकर समाज सड़क पर उतर आया है।
प्रदर्शन के दौरान सर्वसेन समाज के प्रांत अध्यक्ष त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि यह केवल एक बच्ची के साथ हुआ अपराध नहीं, बल्कि पूरे समाज की अस्मिता और सुरक्षा पर हमला है। उन्होंने कहा कि ऐसे जघन्य अपराध करने वाले आरोपी को फांसी की सजा दी जानी चाहिए तथा इस मामले में लापरवाही बरतने वाले सभी शिक्षकों, प्रबंधन एवं संबंधित जिम्मेदार लोगों की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
त्रिलोक श्रीवास ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी 10 दिनों के भीतर दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो सर्वसेन समाज पूरे प्रदेश में व्यापक जन आंदोलन छेड़ेगा। उन्होंने कहा कि समाज किसी भी कीमत पर दोषियों को बचने नहीं देगा और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान जिले एवं संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में समाजजन पहुंचे। महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर घटना के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान "दोषियों को फांसी दो", "बेटी को न्याय दो", "दुष्कर्मियों को संरक्षण देना बंद करो" जैसे नारे लगाए गए।
इस आंदोलन में कांग्रेस नेता महेश दुबे, टाटा संभागीय अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास, संभागीय पदाधिकारी चंद्रमणि श्रीवास, संतोष श्रीवास, सुमित श्रीवास, बसंत श्रीवास, प्रदेश महासचिव राजू श्रीवास, मुंगेली जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव श्रीवास, राजकुमार श्रीवास, गोरेलाल श्रीवास, बबलू श्रीवास, नारायण श्रीवास, दलहरण श्रीवास, आशीष श्रीवास, मणिशंकर श्रीवास, शुभम श्रीवास, नवीन श्रीवास, रोशन श्रीवास, बालमुकुंद श्रीवास, आनंद श्रीवास, विकास श्रीवास, मुकेश श्रीवास, दीपक श्रीवास, घासीराम श्रीवास, कृष्ण श्रीवास, सोनू श्रीवास, घनश्याम श्रीवास, नरेंद्र श्रीवास, मनोहर श्रीवास, रमेश श्रीवास, लक्ष्मी श्रीवास, चंद्रप्रकाश श्रीवास, मनोज श्रीवास, राजेश श्रीवास, मोहन जायसवाल, मुकेश अग्रवाल, पवन सिंह ठाकुर, रामप्रसाद चंद्राकर सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के पश्चात बिलासपुर के प्रभारी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। प्रभारी कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सर्वसेन समाज ने स्पष्ट किया है कि यह लड़ाई किसी एक समाज की नहीं, बल्कि प्रदेश की हर बेटी की सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई है। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक पीड़िता को न्याय और दोषियों को कड़ी सजा नहीं मिल जाती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।


