रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू के नेतृत्व में आगामी 07 जून 2026 को प्रदेशव्यापी महावृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक परिवार को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया है।
प्रदेश साहू संघ ने समाज की सभी इकाइयों, परिक्षेत्रों, जिला समाजों, प्रकोष्ठों, युवा एवं महिला संगठनों तथा प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेने की अपील की है।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता पर्यावरण असंतुलन एवं जल संकट मानव जीवन के समक्ष गंभीर चुनौती बनकर उभर रहा है। इन चुनौतियों का समाधान केवल शासन-प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय सहभागिता से ही संभव है।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी और सरल माध्यम है। एक पौधा न केवल प्रकृति को संतुलित करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखता है।
प्रदेश साहू संघ ने सभी समाजजनों से अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा इस अभियान की फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर जन-जागरूकता बढ़ाने का आग्रह किया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस जनहितकारी अभियान से जुड़ सकें।
संघ द्वारा जल संरक्षण को भी अभियान का प्रमुख विषय बनाया गया है। वर्षा ऋतु के आगमन से पूर्व घरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सोख्ता निर्माण, वर्षा जल संचयन तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग को अपनाने का संदेश दिया गया है। संघ का मानना है कि जल संरक्षण केवल वर्तमान की आवश्यकता नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है।
डॉ. नीरेन्द्र साहू ने समाज के सभी सदस्यों से अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आग्रह करते हुए कहा कि "प्रत्येक परिवार एक पेड़ लगाने का संकल्प लेकर पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।"
यह जानकारी आई.टी. सेल प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी महामंत्री श्री मनीष साहू द्वारा प्रदान की गई।
