जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, अफवाहों से बचें : कलेक्टर

 बिलासपुर, 14 मई 2026। जिले में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और ईंधन आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं सुचारु है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट में आकर अनावश्यक खरीदारी न करें।

खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जिले में पेट्रोल का 1191 किलोलीटर तथा डीजल का 1507 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है, जो जिले की जरूरत के अनुसार पांच दिनों से अधिक की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। जिले में कुल 146 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं, जिनमें से केवल 8 पंपों पर अस्थायी रूप से ड्राईआउट की स्थिति बनी थी। हालांकि ऑयल कंपनियों के डिपो से लगातार आपूर्ति कर इन पंपों पर भी स्टॉक उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में प्रदेश के कुछ पेट्रोल पंपों पर ड्राईआउट की स्थिति अफवाहों और घबराहट के चलते अचानक बढ़ी खरीदारी के कारण बनी। मांग में अप्रत्याशित वृद्धि होने से कुछ स्थानों पर कृत्रिम अभाव की स्थिति निर्मित हुई थी।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तीनों ऑयल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर जिले में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मांग एवं खपत के अनुरूप लगातार आपूर्ति बनाए रखी जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

ईंधन आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए जिला प्रशासन द्वारा कॉल सेंटर नंबर 07752-224150 भी संचालित किया गया है। साथ ही मांग सामान्य होने तक जिले के सभी पेट्रोल पंपों को 24 घंटे संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर के निर्देश पर ऑयल कंपनियों एवं खाद्य विभाग की टीम लगातार पेट्रोल पंपों का निरीक्षण एवं निगरानी कर रही है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें। जिले में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।