अंकित गौरहा ने बदहाल सड़कों को लेकर प्रशासन को घेरा, कलेक्टर और निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

 बेलतरा। अशोकनगर–बिरकोना मार्ग एवं सीपत चौक से राजकिशोर नगर मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सुधार कार्य की मांग की है। ज्ञापन में खराब सड़क, उड़ती धूल, बारिश में कीचड़, बढ़ते सड़क हादसे और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है।















अंकित गौरहा ने कहा कि अशोकनगर–बिरकोना मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। गर्मी के दिनों में सड़क पर अत्यधिक धूल उड़ने से स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र में चल रहे नाली निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। निर्माण कार्यों में तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता की अनदेखी किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।

इसके अलावा सीपत चौक से राजकिशोर नगर मुख्य मार्ग पर सड़क खुदाई के बाद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था एवं बैरिकेडिंग नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। हाल के दिनों में कई सड़क हादसे होने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। कई घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं, जिनमें संबंधित विभागों की लापरवाही स्पष्ट दिखाई दे रही है।

अंकित गौरहा ने प्रशासन से सड़क मरम्मत, धूल नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर ठोस कार्यवाही शुरू नहीं की गई तो क्षेत्र की जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा।

स्थानीय निवासी अमित फडणवीस ने मौके पर रेडियम और बांस लगाकर गड्ढे को चारों ओर से घेरने की व्यवस्था की, जिसके बाद दुर्घटनाओं में कुछ कमी आई। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग अब भी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं, जबकि आम जनता लगातार परेशानियों का सामना कर रही है। जनता की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए प्रशासन को तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए।