मछली पालन से संवर रही कोमल और भरत की जिंदगी कुसमी जनसमस्या निवारण शिविर में मिला नया जाल, बढ़ेगी आमदनी और रोजगार

 बलौदाबाजार, 17 मई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं का सकारात्मक असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में पलारी विकासखंड के ग्राम कुसमी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर क्षेत्र के मछली पालकों के लिए बेहद लाभकारी साबित हुआ। शिविर में मत्स्य पालन विभाग द्वारा त्वरित पहल करते हुए कौड़िया निवासी अनुभवी मछली पालक कोमल प्रसाद फेकर एवं भरत लाल फेकर को नया मछली पकड़ने का जाल प्रदान किया गया।







पिछले 12 वर्षों से महामाया मत्स्य सहकारी समिति के माध्यम से लगभग 13 एकड़ के विशाल तालाब में मछली पालन का कार्य कर रहे दोनों हितग्राहियों के लिए यह सहायता किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। बड़े जलक्षेत्र में मछली पालन और मछली पकड़ने के लिए मजबूत एवं गुणवत्तापूर्ण जाल की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जिसे शासन की पहल से अब पूरा कर दिया गया है।

नया जाल मिलने पर कोमल प्रसाद फेकर और भरत लाल फेकर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा मत्स्य पालन विभाग का हृदय से आभार जताया। उन्होंने कहा कि शासन की इस सहायता से अब वे पहले की अपेक्षा अधिक बेहतर ढंग से मछली पालन का कार्य कर सकेंगे। इससे न केवल उनके कार्य में सुविधा होगी, बल्कि उत्पादन और आमदनी में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।

हितग्राहियों ने बताया कि जनसमस्या निवारण शिविर जैसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रहे हैं। शासन की संवेदनशील सोच और त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में आत्मविश्वास बढ़ा है तथा पारंपरिक व्यवसायों को नई मजबूती मिली है।

राज्य सरकार का यह प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।