डीएवी पब्लिक स्कूल विश्रामपुर की छात्रा मान्यता जायसवाल ने रचा सफलता का इतिहास, 97 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में किया टॉप

 सूरजपुर। मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर सफलता की नई मिसाल कायम करते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल विश्रामपुर की छात्रा मान्यता जायसवाल ने सीबीएसई बोर्ड कक्षा 12वीं परीक्षा सत्र 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मान्यता ने 97 प्रतिशत अंक अर्जित कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे सूरजपुर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।








मान्यता की इस ऐतिहासिक सफलता से विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, विद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षकों एवं सहपाठियों ने मान्यता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मान्यता जायसवाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, समय का सही प्रबंधन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। मान्यता ने बताया कि उन्होंने पढ़ाई के दौरान प्रत्येक विषय पर विशेष ध्यान देते हुए नियमित रूप से पुनरावृत्ति की, जिससे उन्हें परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने में मदद मिली।

मान्यता के पिता मुकेश कुमार जायसवाल एवं माता नम्रता जायसवाल ने बेटी की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता उसकी मेहनत, समर्पण और लगन का परिणाम है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं सहयोग की भी सराहना की। परिवारजनों ने कहा कि मान्यता बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और अनुशासित रही है तथा उसने हमेशा बेहतर प्रदर्शन करने का लक्ष्य रखा।

विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने मान्यता की उपलब्धि को पूरे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि मान्यता एक प्रतिभाशाली एवं मेहनती छात्रा है, जिसने निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उसकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि मान्यता भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूते हुए अपने परिवार, विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेगी।

मान्यता जायसवाल की इस शानदार उपलब्धि पर परिवारजनों, रिश्तेदारों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। पूरे क्षेत्र में उनकी सफलता को लेकर उत्साह और गर्व का वातावरण बना हुआ है।