तरबूज खाने से मासूम की मौत, 3 अन्य बच्चे अस्पताल में भर्ती जांजगीर कलेक्टर ने लिया तत्काल संज्ञान, जांच के लिए भेजे गए सैंपल
रायपुर, 11 मई 2026। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम धुरकोट में तरबूज खाने के बाद एक मासूम बच्चे की मौत तथा तीन अन्य बच्चों के बीमार होने की दर्दनाक घटना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं संबंधित एसडीएम को तुरंत जिला चिकित्सालय जांजगीर भेजा गया। वहीं एसडीएम जांजगीर ने मेडिकल टीम को ग्राम धुरकोट रवाना कर संबंधित परिवार सहित गांव के अन्य लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए। तहसीलदार को भी पूरे मामले पर लगातार निगरानी रखने और स्थिति की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराने कहा गया है।
सिविल सर्जन एस. कुजूर ने बताया कि बच्चों ने तरबूज और चिकन का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल लाया गया, लेकिन एक बच्चे की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो गई। वहीं तीन अन्य बच्चों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। फिलहाल सभी बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित तरबूज के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि खाद्य सामग्री में किसी प्रकार की विषाक्तता या मिलावट तो नहीं थी। साथ ही मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कराया गया है और विसरा सुरक्षित रखा गया है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों की वैज्ञानिक जांच की जा सके।
जिला प्रशासन ने कहा है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार अन्य लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर निगरानी बनाए हुए है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।