रुद्री में साकार होगा आस्था, संस्कृति और आधुनिकता का भव्य संगम 20 करोड़ की लागत से विकसित होगा भव्य रुद्रेश्वर धाम कॉरिडोर

 रायपुर, 23 मई 2026।

धमतरी शहर से लगे रुद्री स्थित प्राचीन रुद्रेश्वर महादेव मंदिर अब केवल श्रद्धा का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले समय में यह छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक पर्यटन की नई पहचान बनने जा रहा है। लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित “रुद्रेश्वर धाम कॉरिडोर” परियोजना के माध्यम से मंदिर परिसर का भव्य एवं समग्र विकास किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना को भारत सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से तीन चरणों में विकसित करने की तैयारी की गई है।















परियोजना की सबसे खास बात यह है कि मंदिर की मूल संरचना, प्राचीनता और आध्यात्मिक गरिमा को पूर्णतः सुरक्षित रखते हुए इसका विकास किया जाएगा। बिना किसी बड़े विध्वंस के पारंपरिक भारतीय स्थापत्य कला और आधुनिक सुविधाओं का अद्भुत समन्वय यहां देखने को मिलेगा। प्रस्तावित डिजाइन में भव्य शिखर, त्रिशूल, ओम् प्रतीक, आकर्षक तोरण द्वार, अलंकृत स्तंभ, नंदी प्रतिमा, दीप स्तंभ और पारंपरिक जाली कार्य जैसे तत्व शामिल किए गए हैं। प्राकृतिक सैंडस्टोन क्लैडिंग और पत्थर आधारित फिनिश मंदिर परिसर को दिव्यता और भव्यता से परिपूर्ण स्वरूप प्रदान करेंगे।

यह परियोजना केवल मंदिर सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं होगी, बल्कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित होगी। इसके अंतर्गत चौड़े पैदल मार्ग, सुव्यवस्थित प्रवेश एवं निकास द्वार, परिक्रमा पथ, घाट, मंडप और सार्वजनिक उपयोग के क्षेत्रों का सुनियोजित विकास किया जाएगा। परिसर में डिजिटल सूचना स्क्रीन, प्रसाद एवं स्मृति चिन्ह दुकानें, फूड कोर्ट, विश्राम क्षेत्र, शिशु आहार कक्ष, स्वच्छ भुगतान आधारित शौचालय तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी। साथ ही एआई आधारित हेल्थ चेकअप कियोस्क जैसी तकनीकी सुविधाएं भी यहां स्थापित की जाएंगी। वृद्धजनों और दिव्यांगजनों के लिए रैम्प आधारित बाधारहित आवागमन व्यवस्था विशेष आकर्षण होगी।

घाट क्षेत्र को भी सुरक्षित और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। यहां रेलिंग युक्त विसर्जन कुंड, सुरक्षित सीढ़ियां तथा श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की जाएगी, जिससे धार्मिक गतिविधियां अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित रूप से संचालित हो सकें। इसके अलावा गार्डन, सांस्कृतिक मंडप, ओपन एयर स्टेज, रिवर फ्रंट कॉटेज तथा भविष्य में विकसित होने वाली “मेरीन ड्राइव” जैसी अवधारणाएं इस परियोजना को धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ सांस्कृतिक और पारिवारिक पर्यटन का भी प्रमुख केंद्र बनाएंगी।

पूरे परिसर की रूपरेखा वास्तु सिद्धांतों, प्राकृतिक वेंटिलेशन, खुले प्रांगण और श्रद्धालुओं की आध्यात्मिक यात्रा की अनुभूति को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। डिजाइन में सोमनाथ मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और जगन्नाथ मंदिर की स्थापत्य शैली से प्रेरणा ली गई है, जिससे यह परियोजना आध्यात्मिक भव्यता और आधुनिक विकास का अद्वितीय उदाहरण बन सके।

पर्यावरण संरक्षण को भी इस परियोजना में विशेष महत्व दिया गया है। इसके तहत सौर ऊर्जा आधारित पार्किंग शेड, ईवी चार्जिंग स्टेशन, वर्षा जल संचयन, प्राकृतिक प्रकाश एवं वायु संचार आधारित संरचना, हरित क्षेत्र विकास तथा वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन जैसी व्यवस्थाएं प्रस्तावित हैं। स्थानीय और टिकाऊ निर्माण सामग्री के उपयोग से जहां पर्यावरणीय प्रभाव कम होगा, वहीं स्थानीय कारीगरों और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के अनुसार, यह परियोजना केवल अधोसंरचना निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि धमतरी की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास है। आने वाले समय में रुद्रेश्वर धाम प्रदेश के प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों में अपनी विशेष पहचान