नवीन शिक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने डाइट पेंड्रा में पाँच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण संपन्न एनसीएफ 2023, समावेशी शिक्षा, आईसीटी एवं आधुनिक शिक्षण विधियों पर शिक्षकों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
पेंड्रा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) पेंड्रा में 06 मई 2026 से 10 मई 2026 तक आयोजित नवीन पाठ्यपुस्तक आधारित पाँच दिवसीय आवासीय सेवाकालीन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के व्यावसायिक विकास, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को नवीन शिक्षा नीति एवं समकालीन शिक्षण तकनीकों की गहन जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण में राष्ट्रीय शिक्षा परिप्रेक्ष्य के तहत एनसीएफ 2023 एवं एससीएफ 2024 के विभिन्न महत्वपूर्ण आयामों पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेषज्ञों द्वारा भारतीय संस्कृति, ज्ञान परंपरा, पंचकोशी विकास, क्रॉस कटिंग थीम, समतामूलक एवं समावेशी शिक्षा जैसे विषयों को विस्तार से समझाया गया। साथ ही शिक्षकों को यह बताया गया कि किस प्रकार विद्यालयों में सकारात्मक एवं प्रेरणादायक अधिगम वातावरण का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान सहायक शिक्षण सामग्री निर्माण, गतिविधि आधारित शिक्षण, मानसिक स्वास्थ्य संरक्षण, संवर्धन एवं विद्यार्थियों के समग्र कल्याण जैसे विषयों पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए। प्रशिक्षण में सहभागियों को व्यवहारिक गतिविधियों एवं समूह कार्यों के माध्यम से नई शिक्षण तकनीकों का अभ्यास कराया गया, जिससे प्रशिक्षण अधिक प्रभावी एवं रोचक बन सका।
इसके अतिरिक्त ब्लूम टैक्सोनॉमी के विभिन्न डोमेन के अनुसार प्रश्न निर्माण, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) का समावेशन, व्यावसायिक शिक्षा, अध्यापन एवं मूल्यांकन प्रक्रिया जैसे समकालीन विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने शिक्षण को अधिक सरल, प्रभावी और विद्यार्थियों के लिए रुचिकर बनाने के उपायों पर विशेष बल दिया।
प्रशिक्षण में बिलासपुर जिले से मास्टर ट्रेनर के रूप में श्रीमती शांति सोनी, व्याख्याता शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महमंद बिल्हा, मुंगेली जिले से श्रीमती संगीता सिंह तथा मरवाही जिले से श्री विनोद कुमार राय की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी प्रशिक्षकों ने अपने अनुभव, ज्ञान एवं प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को प्रेरित किया। प्रतिभागियों ने भी प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।
पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में डाइट पेंड्रा के प्राचार्य आदरणीय पुष्प सर, कोऑर्डिनेटर श्रीमती लकड़ा मैडम एवं श्रीमती नामदेव मैडम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सराहनीय रही। उनके कुशल नेतृत्व एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के कारण प्रशिक्षण अनुशासित, प्रेरणादायी एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के अंतिम दिवस पोस्ट टेस्ट आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों के अधिगम स्तर का मूल्यांकन किया गया। पाँच दिवसीय यह आवासीय प्रशिक्षण शिक्षकों के लिए नवीन शिक्षा दृष्टिकोण, व्यवहारिक शिक्षण कौशल एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में अत्यंत उपयोगी एवं प्रभावी सिद्ध हुआ। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।
