मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मोहन तिवारी की मौजूदगी में होगा “पत्रकारिता मार्तण्ड उत्सव” हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर 30 मई को होगा भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री ने किया पोस्टर विमोचन

 रायपुर, 11 मई 2026। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के गौरवपूर्ण अवसर पर आगामी 30 मई को आयोजित होने वाले “पत्रकारिता मार्तण्ड उत्सव” को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रायपुर प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया।









मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने “पत्रकारिता मार्तण्ड उत्सव” के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है और समाज को जागरूक एवं जिम्मेदार बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने बताया कि यह विशेष आयोजन हिंदी पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा, पत्रकारों के योगदान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में प्रदेश एवं देश के वरिष्ठ पत्रकार, संपादक, मीडिया विशेषज्ञ, साहित्यकार तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी।

उत्सव के दौरान पत्रकार सम्मान समारोह, विचार गोष्ठी, विशेष व्याख्यान एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, प्रेस क्लब महासचिव गौरव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।