20 मई को दवा दुकानें बंद रहेंगी, आपातकालीन सेवाओं के लिए प्रशासन अलर्ट जन औषधि केंद्र और सरकारी मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे

 बिलासपुर, 19 मई 2026। ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध सहित विभिन्न मांगों को लेकर देशभर के केमिस्ट एवं दवा वितरकों के राष्ट्रीय संगठन द्वारा 20 मई 2026 को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद का आह्वान किया गया है। इस बंद के समर्थन में बिलासपुर जिले के केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट संघ ने भी मेडिकल स्टोर बंद रखने की सूचना प्रशासन को दी है।







स्थिति को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग तथा जिला प्रशासन ने आम नागरिकों को राहत देने और स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सक्रिय रहेगी।

विभाग द्वारा जारी अपील में कहा गया है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिक ब्लॉक स्तर पर जारी संपर्क सूची के माध्यम से संबंधित मेडिकल स्टोर अथवा अधिकारियों से संपर्क कर सकेंगे। डॉक्टर की पर्ची के आधार पर जरूरतमंदों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए सहायक औषधि नियंत्रक, औषधि निरीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं, ताकि लोगों को त्वरित सहायता मिल सके।

प्रशासन ने यह भी जानकारी दी है कि जिला चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र, धन्वंतरि जेनेरिक मेडिकल स्टोर तथा रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित मेडिकल स्टोर 20 मई को खुले रहेंगे। इन केंद्रों से आम नागरिकों को सस्ती एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी प्रकार की अफवाह या घबराहट में न आएं और आवश्यकता होने पर ही दवाओं की खरीदी करें। किसी भी असुविधा की स्थिति में जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।

प्रशासन का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं तथा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।