रायपुर, 09 अप्रैल 2026।
प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में न आम नागरिक सुरक्षित है, न व्यापारी, न महिलाएं और न ही छात्राएं।
उन्होंने कहा कि स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि अब पुलिस अधिकारियों के परिजन भी सोशल मीडिया के माध्यम से न्याय की गुहार लगाने को मजबूर हैं। विगत 24 घंटों के भीतर राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की दो घटनाएं सामने आईं। तेलीबांधा में एक व्यापारी पर सरेआम चाकू से हमला किया गया, वहीं सेजबहार में एक परिवार के साथ गंभीर आपराधिक घटना घटी।
उन्होंने बताया कि रात के समय पेट्रोल खत्म होने पर सड़क किनारे रुके एक परिवार के साथ कुछ असामाजिक तत्वों ने छेड़छाड़ की, महिलाओं के साथ अभद्रता की गई और विरोध करने पर परिवार के मुखिया पर डंडों व चाकू से हमला किया गया। भय के कारण परिवार को रातभर झाड़ियों में छिपकर रहना पड़ा। यह घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
श्री शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार में आम जनता तो दूर, पुलिस अधिकारियों के परिजन भी सुरक्षित नहीं हैं। एक डीएसपी की बेटी और आदिवासी छात्रा निवेदिता मांडवी, जो आदिवासी संस्कृति पर कंटेंट बनाती हैं, उन्हें सोशल मीडिया पर गैंगरेप की धमकियां मिल रही हैं। शिकायत के बावजूद कार्रवाई में देरी होना कानून व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के संरक्षण में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कांकेर में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष पर दुष्कर्म और दैहिक शोषण के आरोप लगे, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई। उल्टे पीड़ित पक्ष को ही दबाव में लेने की कोशिश की जा रही है।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि पॉक्सो जैसे गंभीर मामलों के आरोपियों को भाजपा संगठन में पद दिए जा रहे हैं। साथ ही, समोदा अफीम खेती के आरोपी भाजपा नेता विनायक ताम्रकार पर भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
अंत में श्री शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार का तथाकथित “सुशासन” पूरी तरह विफल हो चुका है और प्रदेश में अपराधियों को खुला संरक्षण मिल रहा है।
सुशील आनंद शुक्ला
अध्यक्ष, कांग्रेस संचार विभाग
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी
.jpg)