छत्तीसगढ़।
भारत रत्न, संविधान निर्माता एवं सामाजिक न्याय के महान पुरोधा डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर जी की जयंती के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन की कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रदेशवासियों सहित देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अपने शुभकामना संदेश में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय की प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने अपने अथक प्रयासों से समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों को उनके अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। भारतीय संविधान का निर्माण कर उन्होंने देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया, जो आज भी देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने समाज में व्याप्त भेदभाव और असमानता के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया और सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका यह संदेश कि “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आगे कहा कि बाबा साहेब के विचार केवल एक दिन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। समाज में समानता, भाईचारे और न्याय की भावना को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सभी नागरिकों को अम्बेडकर जयंती की पुनः हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आइए, हम सभी मिलकर बाबा साहेब के सपनों का एक समतामूलक, सशक्त और विकसित भारत बनाने का संकल्प लें।
