समाज सेविका प्रेरणा धाबर्डे ने दी अम्बेडकर जयंती की शुभकामनाएं, बाबा साहेब अम्बेडकर जी के विचारों को बताया समाज के लिए प्रेरणास्रोत
छत्तीसगढ़।
भारत रत्न, संविधान निर्माता एवं सामाजिक न्याय के महान पुरोधा डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर जी की जयंती के पावन अवसर पर समाज सेविका एवं छत्तीसगढ़ से बॉलीवुड फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाली पहली अभिनेत्री प्रेरणा धाबर्डे ने प्रदेशवासियों सहित देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
प्रेरणा धाबर्डे, जो अपनी सामाजिक सेवाओं के साथ-साथ कला और सिनेमा के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं, ने अपने संदेश में कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा, आत्मसम्मान और समानता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने अपने अथक प्रयासों से समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों को न्याय और अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया।
उन्होंने कहा कि एक महिला होने के नाते बाबा साहेब के द्वारा महिलाओं को दिए गए अधिकार और सम्मान उनके लिए विशेष प्रेरणा का स्रोत हैं। आज महिलाएं जिस आत्मविश्वास और स्वतंत्रता के साथ आगे बढ़ रही हैं, उसमें बाबा साहेब के विचारों और संविधान का महत्वपूर्ण योगदान है।
प्रेरणा धाबर्डे ने आगे कहा कि शिक्षा ही वह सबसे बड़ा माध्यम है, जिससे समाज में बदलाव लाया जा सकता है। बाबा साहेब का संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक है। हमें उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाकर एक बेहतर और समतामूलक समाज का निर्माण करना चाहिए।
उन्होंने अपने फिल्मी करियर का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ से बॉलीवुड में मुख्य भूमिका निभाने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है, लेकिन इससे भी अधिक महत्वपूर्ण समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाना है। उन्होंने कहा कि कला और समाज सेवा दोनों के माध्यम से वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रही हैं।
गौरतलब है कि प्रेरणा धाबर्डे को मिसेज इंडिया ग्लोबल क्वीन 2021 एवं मिसेज यूनिवर्स 2022–23 जैसे प्रतिष्ठित खिताबों से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और समाज के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
नागरिकों को अम्बेडकर जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आइए, हम सभी मिलकर बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलें और एक ऐसे समाज का निर्माण करें, जहां समानता, न्याय और भाईचारे की भावना मजबूत हो।

