बसपा के स्टेट कोऑर्डिनेटर हेमन्त पोयाम ने दी अम्बेडकर जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं, बाबा साहेब अम्बेडकर जी के विचारों को अपनाने का किया आह्वान
छत्तीसगढ़।
भारत रत्न, संविधान निर्माता एवं सामाजिक न्याय के महान पुरोधा डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर जी की जयंती के पावन अवसर पर बहुजन समाज पार्टी छत्तीसगढ़ के स्टेट कोऑर्डिनेटर हेमन्त पोयाम ने प्रदेशवासियों सहित देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अपने संदेश में हेमन्त पोयाम ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय की अद्वितीय मिसाल है। उन्होंने अपने अथक प्रयासों से समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों को न्याय और अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। भारतीय संविधान के माध्यम से उन्होंने देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया, जो हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मान सुनिश्चित करता है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का यह संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। उनके विचारों को अपनाकर ही हम एक ऐसे समाज का निर्माण कर सकते हैं, जहां भेदभाव, असमानता और अन्याय के लिए कोई स्थान न हो।
हेमन्त पोयाम ने आगे कहा कि बहुजन समाज पार्टी हमेशा से बाबा साहेब के सिद्धांतों और विचारधारा पर चलने वाली पार्टी रही है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचाना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में वास्तविक परिवर्तन लाया जा सकता है।
उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। समाज में समानता, भाईचारे और न्याय की भावना को मजबूत करना ही बाबा साहेब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
नागरिकों को अम्बेडकर जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आइए, हम सभी मिलकर बाबा साहेब के सपनों का एक समतामूलक, न्यायपूर्ण और सशक्त भारत बनाने का संकल्प लें।
