भाजपा स्थापना दिवस पर ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान के तहत बुडदी में जनसंपर्क

 TGB MEDIA, बस्तर संभाग (सुकमा, छत्तीसगढ़)।

सुकमा जिले के बुडदी ग्राम में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान के अंतर्गत भाजपा जिला उपाध्यक्ष नूपुर वैदिक ने दौरा कर ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद किया।









रविवार को सुकमा मंडल के बुडदी बूथ में आयोजित इस कार्यक्रम में नूपुर वैदिक ने भाजपा की 46 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, संगठन के निरंतर विस्तार एवं केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी ग्रामीणों को दी।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने शुरुआती संघर्ष के दौर से लेकर, जब पार्टी के केवल 2 सांसद थे, आज लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने तक का सफर कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और जनता के अटूट विश्वास के बल पर तय किया है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व विकास, सुशासन और वैश्विक स्तर पर नई पहचान स्थापित की है। अयोध्या में भगवान श्री राम मंदिर का निर्माण, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना, तीन तलाक जैसी कुप्रथा का अंत, जी-20 जैसे वैश्विक मंच की सफल मेजबानी तथा भारत का विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरना—ये सभी मजबूत नेतृत्व और दृढ़ संकल्प के उदाहरण हैं।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति रही। इस अवसर पर किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष डमरू राम नाग, भाजपा जिला प्रवक्ता रमेश यादव, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र कुलदीप, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष लच्छू राम मरकाम, उप सरपंच गंगाराम नाग, बूथ अध्यक्ष नीलाराम बघेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।