उपमुख्यमंत्री अरुण साव बताएं – 717 सड़कों का क्या हुआ, अब तक निर्माण क्यों नहीं?

 रायपुर, 09 अप्रैल 2026।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री अरुण साव से सवाल किया है कि वित्तीय वर्ष 2025 में जिन 717 सड़कों के स्वीकृत होने का दावा किया गया था, उनका निर्माण अब तक क्यों नहीं हुआ?








उन्होंने कहा कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी जनता उन सड़कों को ढूंढ रही है। जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 में मात्र पौन किलोमीटर सड़क निर्माण का ही कार्यादेश जारी हुआ था। ऐसे में 717 सड़कों का दावा सरकार की विफलता को छिपाने का प्रयास प्रतीत होता है।

श्री ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के ढाई वर्षों के कार्यकाल में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य ठप पड़ा है। प्रदेशभर में जनता जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कों से परेशान है। सरकार ने दावा किया था कि दिसंबर 2025 तक सभी खराब सड़कों का सुधार कर लिया जाएगा, लेकिन आज भी अधिकांश सड़कों की स्थिति बदहाल बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि नई सड़कों का निर्माण तो दूर, मौजूदा सड़कों की मरम्मत भी ठीक से नहीं हो पा रही है। ऐसे में सरकार के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस ने मांग की है कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव 717 सड़कों के निर्माण से संबंधित कार्यादेश, वित्तीय वर्ष 2025-26 की निर्माणाधीन सड़कों की सूची तथा प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक करें।

अन्यथा यह माना जाएगा कि 717 सड़कों के स्वीकृत होने का दावा भ्रामक था और जनता को गुमराह किया गया है।

धनंजय सिंह ठाकुर

वरिष्ठ प्रवक्ता

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी