नरियारा / जांजगीर-चांपा।
छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री द्वारा आयोजित बिलासा अवॉर्ड समारोह का भव्य आयोजन 14 मार्च को बिलासपुर में रंगारंग कार्यक्रम के साथ किया गया। इस समारोह में फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, गीतकार, संगीतकार और प्लेबैक सिंगर सहित कई श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। इसी क्रम में बिलासपुर सिनेमा संगठन द्वारा पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए TGB मीडिया के जाबाज़ और दबंग रिपोर्टर राकेश कुमार साहू (निवासी नरियारा, नगर पंचायत, जिला जांजगीर-चांपा) को बिलासा अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
राकेश कुमार साहू को यह सम्मान छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री की खबरों के निरंतर प्रसारण, संपादन और पत्रकारिता के माध्यम से बेहतरीन कवरेज के लिए दिया गया। इस अवसर पर उन्हें बिलासा स्मृति मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया, जो उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद राकेश कुमार साहू ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिलने वाला यह सम्मान उनके लिए बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, प्रदेश, संभाग और जिला स्तर पर उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाना उनके उत्साह को बढ़ाता है और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।
TGB मीडिया के सक्रिय और मेहनती रिपोर्टर के रूप में राकेश कुमार साहू लगातार क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबरों को प्रमुखता से सामने लाते रहे हैं और अपनी निष्पक्ष तथा सक्रिय पत्रकारिता से लोगों के बीच अलग पहचान बना चुके हैं।

