जांजगीर-चांपा। ममता फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनी छत्तीसगढ़ी पारिवारिक फिल्म “मुरली” का प्रदर्शन शुक्रवार 6 मार्च को प्रदेश के विभिन्न सिनेमाघरों में किया गया। यह फिल्म क्राइम, सस्पेंस, थ्रिलर और जासूसी कथानक पर आधारित है, जिसमें अपराध और उसके खुलासे की कहानी को प्रमुखता से दिखाया गया है।
फिल्म की खास बात यह है कि इसमें दिवंगत अभिनेता स्वर्गीय राजेश अवस्थी को पुलिस अधिकारी की भूमिका में देखा गया है। यह उनकी अंतिम फिल्म मानी जा रही है। राजेश अवस्थी छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत के बहुमुखी कलाकार थे, जिन्होंने अपने अभिनय से हर प्रकार की भूमिका को जीवंत बना दिया। चाहे पुलिस अधिकारी का किरदार हो, रिक्शा चालक का या किसी ग्रामीण पात्र का—हर भूमिका को उन्होंने पूरी लगन और ईमानदारी से निभाया।
फिल्म में अभिनेत्री अनु चौधरी को एक सशक्त इन्वेस्टिगेशन अधिकारी की भूमिका में दिखाया गया है। उन्होंने अपने अभिनय से अपराध की जांच और पुलिस की कार्यप्रणाली को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। फिल्म में पुलिस और मीडिया की भूमिका को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है, जिसमें बताया गया है कि किस प्रकार अपराध की जांच और खुलासे में पुलिस और प्रेस दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
फिल्म में आधुनिक दौर में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया के प्रभाव को भी दर्शाया गया है तथा अपराधों को रोकने के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया है।
हालांकि फिल्म की कहानी और विषयवस्तु मजबूत होने के बावजूद सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ अपेक्षाकृत कम नजर आई। साथ ही फिल्म के प्रीमियर के दौरान कलाकारों की टीम भी उपस्थित नहीं थी, जिससे दर्शकों में थोड़ी निराशा देखने को मिली।
इसके बावजूद यह कहा जा सकता है कि इस तरह की सस्पेंस और जासूसी शैली की फिल्म छत्तीसगढ़ी सिनेमा में कम ही देखने को मिलती है। फिल्म में अपराध और उसकी जांच की प्रक्रिया को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
रिपोर्टर : राकेश कुमार साहू
जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़
