बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय बिलासा छालीवुड अवॉर्ड फिल्म समारोह का भव्य आयोजन 14 मार्च को चकरभाटा, बिलासपुर में किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शकों और फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों की उपस्थिति रही।
इस समारोह में शॉर्ट फिल्म “हर सैल्फ” में शानदार अभिनय के लिए नन्ही बाल कलाकार नायरा रंगारी उर्फ पीहू को बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के आयोजक सुनील सागर, महावीर जांगड़े, विकास उन्नति तथा बिलासा सिने एसोसिएशन की पूरी टीम ने नायरा को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धर्मलाल कौशिक, छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्री रायपुर के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही फिल्म इंडस्ट्री के कई प्रसिद्ध कलाकार और निर्देशक जैसे सतीश जैन, डॉ. पुनीत सोनकर, गंगा सागर पंडा, विजय गुगावकर, भारती वर्मा, नितिन दुबे, चंपा निषाद, सुनील सोनी, इशिका यादव, भूमि साहू, संगीता निषाद, नकुल महावर, रजनीश झाझी, प्रदीप शर्मा, विलास राउत, अखिलेश वर्मा, रमेश बघेल, लता राही, वर्षा सिन्हा सहित कई कलाकार मौजूद रहे।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच मंच पर नितिन दुबे और जीवन सागर ने बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट अवॉर्ड के लिए नायरा रंगारी (पीहू) के नाम की घोषणा की। 12 वर्षीय नायरा हिंदी, छत्तीसगढ़ी शॉर्ट फिल्म, एल्बम और सरकारी विज्ञापनों में भी अपने अभिनय से पहचान बना चुकी हैं।
नायरा की अभिनय यात्रा की शुरुआत फिल्म “जय सीतला मईया” से हुई थी। इसके अलावा उन्होंने शॉर्ट फिल्म “सावधान”, “व्हाट लाइन”, “मया के सजा” में भी अभिनय किया है। वहीं सरकारी विज्ञापनों में रामलला दर्शन योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, बागेश्वर धाम, क्लीन रायपुर ग्रीन रायपुर जैसे अभियानों में भी बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम किया है।
आने वाले समय में नायरा फिल्म “लगन” (निर्देशक धज्जू) और “गवन” (निर्देशक विष्णु शर्मा) में भी नजर आएंगी।
बिलासा छालीवुड अवॉर्ड 2026 प्राप्त करने पर नायरा रंगारी और उनके परिवार ने खुशी जाहिर करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इस उपलब्धि से उनके माता-पिता, भाई-बहन और परिजन भी काफी खुश हैं।
वर्तमान में नायरा केंद्रीय विद्यालय राजनांदगांव में कक्षा 6वीं की छात्रा हैं। विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार ने भी इस उपलब्धि के लिए नायरा और उनके परिवार को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
